अपूर्ण प्रधानमंत्री आवासों का सीईओ जिला पंचायत ने किया निरीक्षण
📡36garhnewsupdate.com


लापरवाही बरतने वाले रोजगार सहायक सचिव एवं तकनीकी सहायकों को नोटिस जारी करने के निर्देश
सारंगढ़–बिलाईगढ़, 20 सितंबर 2026
प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत स्वीकृत आवासों के निर्माण कार्यों में तेजी लाने और अपूर्ण एवं अप्रारंभ आवासों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कराने के उद्देश्य से जिले में मैदानी स्तर पर लगातार निरीक्षण किया जा रहा है।
कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू के निर्देशानुसार इसी क्रम में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत ऋषिकेश तिवारी ने जनपद पंचायत सारंगढ़ अंतर्गत ग्राम पंचायत उलखर, पासिद, माल्दा एवं सिंघनपुर में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत अपूर्ण एवं अप्रारंभ आवासों का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान सीईओ जिला पंचायत ने हितग्राहियों से आवास निर्माण की प्रगति की जानकारी ली तथा संबंधित अधिकारियों एवं मैदानी अमले को सभी अपूर्ण आवासों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना शासन की महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी योजना है और पात्र हितग्राहियों को इसका लाभ समय पर मिले, यह संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों की जिम्मेदारी है।
निरीक्षण के दौरान योजना के क्रियान्वयन में लापरवाही बरतने वाले रोजगार सहायक सचिव एवं तकनीकी सहायकों को नोटिस जारी करने के निर्देश भी दिए गए। साथ ही आवास निर्माण की नियमित निगरानी करने, हितग्राहियों को आवश्यक मार्गदर्शन एवं तकनीकी सहयोग उपलब्ध कराने तथा निर्माण कार्यों में अनावश्यक विलंब नहीं होने देने के निर्देश दिए गए।
इस दौरान ग्राम पंचायत सचिव, रोजगार सहायक, सरपंच, तकनीकी सहायक, पीओ, एडीईओ, एपीओ एवं सीईओ जनपद पंचायत सहित संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।



