CHHATTISGARHnewsraipur

रायपुर जिले के 206 आंगनवाड़ी केंद्रों में हुआ ‘आंगन मिलन सम्मेलन’

📡36garhnewsupdate.com

जनप्रतिनिधियों ने की सहभागिता, बच्चों का बढ़ाया उत्साह; गोदभराई, अन्नप्राशन और स्वस्थ बच्चा प्रतियोगिता सहित हुए विविध आयोजन

रायपुर, 01 अक्टूबर 2026

आंगन मिलन सम्मेलन के अंतर्गत रायपुर जिले के 206 आंगनवाड़ी केंद्रों में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं, माताओं, बच्चों तथा स्थानीय समुदाय की सक्रिय सहभागिता रही।

सम्मेलन के दौरान गर्भवती माताओं की गोदभराई और बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार कराया गया। इस अवसर पर माताओं और परिवारजनों को गर्भावस्था के दौरान आवश्यक देखभाल, संतुलित एवं पौष्टिक आहार, बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य और प्रारंभिक बाल विकास से संबंधित जानकारी दी गई।

बच्चों को दिए खिलौने और पुरस्कार

कार्यक्रम में शामिल जनप्रतिनिधियों ने आंगनवाड़ी केंद्रों में बच्चों के लिए खिलौने और अन्य उपयोगी सामग्री प्रदान की। विभिन्न गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को पुरस्कार देकर उनका उत्साहवर्धन किया गया।

आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं ने माताओं एवं परिवारों को बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य, स्वच्छता और सर्वांगीण विकास के लिए आंगनवाड़ी केंद्रों के माध्यम से मिलने वाली सेवाओं का नियमित लाभ लेने के लिए प्रेरित किया।

सहयोगी कार्यकर्ताओं का सम्मान

कार्यक्रम के दौरान आंगनवाड़ी केंद्रों की गतिविधियों में सहयोग करने वाले साथी कार्यकर्ताओं, साहित्यिकों और मितानिनों का सम्मान भी किया गया। इसके अलावा विभिन्न केंद्रों में न्योता भोज, स्वस्थ बच्चा प्रतियोगिता तथा कार्यकर्ता-सहायिका सम्मान जैसे कार्यक्रम भी आयोजित किए गए।

जिले के समोदा 1, 2, 3 और 4, आलेखुटा, मोखेतरा तथा देवपुरी सहित विभिन्न आंगनवाड़ी केंद्रों में जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में कार्यक्रम संपन्न हुए। आलेखुटा में जिला पंचायत सदस्य चंद्रकला ध्रुव, जनपद सदस्य राजेश्वरी ध्रुव और सरपंच भागेश्वरी सिन्हा, मोखेतरा में सरपंच उपेंद्रा देशलहरे तथा देवपुरी में पूर्व विधायक नंदे साहू और वार्ड 53, 54 एवं 55 के पार्षदों की सहभागिता रही।

आंगन मिलन सम्मेलन के माध्यम से बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य और प्रारंभिक विकास के प्रति परिवारों एवं समुदाय को जागरूक करने के साथ आंगनवाड़ी केंद्रों की सेवाओं से जुड़ाव बढ़ाने पर जोर दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest