2.70 लाख सीड बॉल बनाकर बिलासपुर के शिक्षक कलेश्वर साहू ने रचा कीर्तिमान
📡36garhnewsupdate.com


बिलासपुर। 24/9/2026
पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करते हुए बिलासपुर जिले के शिक्षक कलेश्वर साहू ने गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में अपना नाम दर्ज कराया है। उन्होंने तीन माह की अवधि में 2.70 लाख सीड बॉल तैयार कर यह उपलब्धि हासिल की।
जनपद प्राथमिक शाला बिल्हा में पदस्थ शिक्षक कलेश्वर साहू ने ग्रीष्मकालीन अवकाश और विद्यालयीन कार्य के बाद अतिरिक्त समय निकालकर सीड बॉल तैयार किए। उनके इस प्रयास को गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स द्वारा आधिकारिक मान्यता दी गई।
इस उपलब्धि के अवसर पर उप मुख्यमंत्री अरुण साव के समक्ष गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स की राज्य प्रभारी श्रीमती सोनल राजेश शर्मा ने शिक्षक कलेश्वर साहू को प्रमाण पत्र और मेडल प्रदान किया।
कलेश्वर साहू ने अध्यापन कार्य के साथ पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी सामाजिक जिम्मेदारी निभाते हुए व्यक्तिगत प्रयास से लाखों बीजों को सुरक्षित कर सीड बॉल का रूप दिया। इसका उद्देश्य पौधरोपण और हरियाली को बढ़ावा देना है।
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने शिक्षक कलेश्वर साहू की उपलब्धि और पर्यावरण संरक्षण के प्रति उनके प्रयासों की सराहना करते हुए उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि शिक्षक का यह प्रयास बिलासपुर जिले के साथ-साथ छत्तीसगढ़ के लिए भी गौरव का विषय है।
शिक्षक कलेश्वर साहू की यह पहल पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनभागीदारी बढ़ाने और अधिक से अधिक लोगों को पौधरोपण के लिए प्रेरित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास है।


