CHHATTISGARHnewsraipur

सूने मकान का ताला तोड़कर जेवर चोरी करने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार

📡36garhnewsupdate.com

रायपुर में टिकरापारा पुलिस की कार्रवाई, 80 हजार रुपये के सोने-चांदी के जेवर बरामद

रायपुर, 1 अक्टूबर 2026

राजधानी रायपुर के टिकरापारा थाना क्षेत्र में सूने मकान का ताला तोड़कर सोने-चांदी के जेवर चोरी करने के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए करीब 80 हजार रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवर बरामद किए गए हैं। आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।

पुलिस के मुताबिक, रावतपुरा कॉलोनी फेस-2 निवासी प्रार्थिया 26 सितंबर को अपने माता-पिता के गांव गई थीं। अगले दिन 27 सितंबर को वापस लौटने पर उन्होंने मकान का ताला टूटा हुआ पाया। घर के अंदर आलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवर गायब थे। इसके बाद टिकरापारा थाने में शिकायत दर्ज कराई गई।

मामले में पुलिस ने अपराध क्रमांक 912/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 331(4) और 305 में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर थाना टिकरापारा पुलिस की संयुक्त टीम ने चोरी गए जेवर और आरोपियों की तलाश शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस ने संदेहियों से पूछताछ और तकनीकी सहयोग के माध्यम से आरोपियों की पहचान की। इसके बाद संभावित ठिकानों पर दबिश देकर करण सागर उर्फ कान्हा, तेजेश्वर यादव और चेतन साहू को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी किए गए सोने-चांदी के जेवर बरामद किए।

पुलिस के अनुसार आरोपियों के विरुद्ध थाना टिकरापारा में भारतीय न्याय संहिता की धारा 331(4), 305 और 3(5) के तहत कार्रवाई की गई है।

कार्रवाई में टिकरापारा थाना पुलिस की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों ने संपत्ति संबंधी अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए क्षेत्र में लगातार पेट्रोलिंग और पूर्व में गिरफ्तार आरोपियों की तस्दीक करने के निर्देश दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest