रक्तदान महाकुंभ में 2,548 लोगों ने किया रक्तदान, 1,188 महिलाएं शामिल
📡36garhnewsupdate.com


एक ही दिन में 8 घंटे के भीतर सबसे अधिक महिलाओं के रक्तदान की पहल गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज
रायपुर, 23 सितंबर 2026
राजधानी रायपुर के सरदार बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में सेवा संकल्प अभियान के तहत आयुर्वेद सेवा सम्मेलन, रक्तदान महाकुंभ और वृहद स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शामिल हुए।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि रक्तदान मानवता की सबसे बड़ी सेवाओं में से एक है। रक्तदाता का दिया हुआ रक्त किसी जरूरतमंद व्यक्ति की जान बचाने के साथ उसके परिवार के लिए नई उम्मीद बन सकता है। उन्होंने बड़ी संख्या में माताओं-बहनों, युवाओं और समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों के रक्तदान के लिए आगे आने की सराहना की


आयोजित रक्तदान महाकुंभ में कुल 2,548 लोगों ने रक्तदान किया, जिसमें 1,188 महिलाएं शामिल रहीं। कार्यक्रम में एक ही दिन 8 घंटे के भीतर बड़ी संख्या में महिलाओं द्वारा रक्तदान करने की पहल को गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज किया गया।

आयुर्वेद भारत की प्राचीन ज्ञान परंपरा की धरोहर
राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस की शुभकामनाएं देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आयुर्वेद भारत की प्राचीन ज्ञान परंपरा की अमूल्य धरोहर है। भगवान धन्वंतरि तथा चरक और सुश्रुत जैसे आचार्यों ने स्वस्थ जीवन और चिकित्सा की समृद्ध परंपरा विकसित की, जिसका महत्व आज भी बना हुआ है।
उन्होंने कहा कि आयुर्वेद, योग और भारतीय चिकित्सा पद्धतियों को आधुनिक स्वास्थ्य सेवाओं के साथ बढ़ावा दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम स्थल पर सेवा संकल्प अभियान की विभिन्न गतिविधियों और आयुर्वेद से संबंधित स्टॉलों का अवलोकन भी किया।
स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ लेने की अपील
स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि रक्तदान के माध्यम से किसी जरूरतमंद का जीवन बचाया जा सकता है। उन्होंने नागरिकों से आयुष मेले, स्वास्थ्य जांच शिविर और शासन द्वारा उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने की अपील की।

कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री अरुण साव, वन मंत्री केदार कश्यप, राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा, सांसद बृजमोहन अग्रवाल, विधायक सुनील सोनी, विधायक एवं पद्मश्री अनुज शर्मा, विधायक प्रबोध मिंज सहित प्रशासनिक अधिकारी, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, सेना एवं अर्धसैनिक बलों के अधिकारी-जवान और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।



