स्वच्छता को आदत बनाएं, तभी शहर होंगे स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ : अरुण साव
📡36garhnewsupdate.com


रायपुर, 25 सितंबर 2026
स्वच्छता ही सेवा 2026 एवं सेवा संकल्प अभियान के तहत रायपुर के मठपारा स्थित महाराजबंध तालाब में श्रमदान और सफाई अभियान आयोजित किया गया। अभियान में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, नगर निगम की टीम, ग्रीन आर्मी, स्वयंसेवी एवं सामाजिक संगठनों तथा बड़ी संख्या में नागरिकों ने सहभागिता की।
उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री अरुण साव ने अभियान में श्रमदान किया और उपस्थित लोगों को स्वच्छता की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि स्वच्छता को केवल अभियान तक सीमित नहीं रखना चाहिए, बल्कि इसे दैनिक जीवन की आदत बनाना जरूरी है। नागरिकों की सक्रिय भागीदारी से ही शहरों को स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ बनाया जा सकता है।

अभियान के दौरान महाराजबंध तालाब परिसर से कचरा और गंदगी हटाई गई। लोगों को तालाब सहित अन्य जलस्रोतों को स्वच्छ रखने और सार्वजनिक स्थानों पर कचरा नहीं डालने के लिए जागरूक किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से स्वच्छता को केवल नगर निगम या सफाई कर्मियों की जिम्मेदारी न मानकर सामूहिक जिम्मेदारी के रूप में अपनाने का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा, विधायक सुनील सोनी, मोतीलाल साहू और पुरंदर मिश्रा, महापौर मीनल चौबे, महंत रामसुंदर दास, कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह, नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और नागरिक उपस्थित रहे।
पांच सफाई मित्रों का सम्मान
कार्यक्रम में सफाई कार्य में योगदान देने वाले पांच सफाई मित्रों रमेश सोना, अवधेश सोनी, घना कुर्रे, अमित धीवर और राहुल राजपूत को सम्मानित किया गया। अतिथियों ने शहर की स्वच्छता व्यवस्था में सफाई मित्रों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।
कार्यक्रम के दौरान पौधरोपण भी किया गया। स्वच्छता के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए शहर को स्वच्छ, सुंदर और हरित बनाने का संकल्प लिया गया। सामूहिक श्रमदान और नागरिकों की भागीदारी ने स्वच्छता के प्रति जनजिम्मेदारी और सहभागिता का संदेश दिया।



