सोनाखान-गिरौदपुरी मार्ग पर हादसा, नहाते समय युवक के बहने की सूचना; तलाश में जुटी रेस्क्यू टीम
📡36garhnewsupdate.com

रायपुर ।25/9/2026
सोनाखान-गिरौदपुरी मार्ग पर महाराजी पुलिया के नीचे 24 सितंबर को नहाते समय एक युवक के पानी में बह जाने की सूचना से क्षेत्र में चिंता का माहौल है। लापता युवक की पहचान सरजू प्रसाद चौहान, पिता बाबूलाल चौहान, निवासी बेलटीकरी, बिलाईगढ़ के रूप में हुई है। युवक की उम्र करीब 24 वर्ष बताई गई है।
घटना की जानकारी मिलने के बाद 25 सितंबर की सुबह विधायक कविता प्राण लहरे मौके पर पहुंचीं। उनके साथ ब्लॉक कांग्रेस कमेटी सोनाखान अध्यक्ष युधिष्ठिर नायक, सोनाखान मंडल अध्यक्ष इतवारी साहू, गिरौदपुरी मंडल अध्यक्ष गजेंद्र पटेल सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
मौके पर तहसीलदार सोनाखान लव कुमार, चौकी प्रभारी जगदीश सोनवानी के नेतृत्व में पुलिस टीम और रेस्क्यू टीम भी मौजूद रही। विधायक ने स्थानीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों से चर्चा कर युवक की तलाश के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं तत्काल सुनिश्चित करने को कहा।
बताया गया कि युवक की तलाश के लिए रेस्क्यू अभियान चलाया जा रहा है। घटना की जानकारी ब्लॉक कांग्रेस कमेटी सोनाखान अध्यक्ष युधिष्ठिर नायक ने दी।



