ड्राइवर के साथ कथित मारपीट और कार्रवाई को लेकर एसएसपी से शिकायत
📡36garhnewsupdate.com


रायगढ़। 25/9/2026
तमनार थाना क्षेत्र में 24 सितंबर 2026 को एक ड्राइवर के साथ हुई कथित घटना को लेकर छत्तीसगढ़ ड्राइवर महासंगठन ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रायगढ़ शशि मोहन सिंह के समक्ष लिखित शिकायत प्रस्तुत की है। महासंगठन के प्रदेश पदाधिकारी संतोष देवांगन ने शिकायत के साथ घटना से संबंधित वीडियो भी पुलिस अधीक्षक को सौंपे हैं।

शिकायत के अनुसार, तमनार स्थित जिंदल कंपनी के पास नो-एंट्री के दौरान कुछ वाहनों को निकाले जाने का ड्राइवर अंसारी ने विरोध किया था। आरोप है कि इस दौरान कुछ अज्ञात लोगों ने उसके साथ गाली-गलौज की और मोबाइल फोन छीन लिया। शिकायतकर्ता संगठन का कहना है कि मोबाइल छीने जाने से पहले ड्राइवर ने घटनाक्रम का वीडियो बनाकर अपने यूनियन के सदस्यों को व्हाट्सऐप के माध्यम से भेज दिया था।
महासंगठन ने यह भी आरोप लगाया है कि बाद में ड्राइवर को तमनार थाना की पेट्रोलिंग टीम थाने लेकर गई, जहां उसके साथ मारपीट की गई और उसके खिलाफ कार्रवाई करते हुए रात में जेल भेज दिया गया।
ड्राइवर संगठन ने पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कार्रवाई की मांग की है। संगठन की ओर से उपलब्ध कराए गए वीडियो और अन्य तथ्यों की जांच के बाद मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
एसएसपी शशि मोहन सिंह के समक्ष शिकायत प्रस्तुत किए जाने के बाद संगठन को मामले में जांच और आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिया गया है।


