सेवा संकल्प अभियान के तहत अटल परिसर में हुआ दीया वितरण
📡36garhnewsupdate.com


17 सितंबर की शाम 7 बजे जिलेवासी घर-प्रतिष्ठानों में प्रज्ज्वलित करेंगे ‘आशीर्वाद का दीया’
सारंगढ़, 16 सितंबर 2026
सेवा संकल्प अभियान के तहत सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में 17 सितंबर को ‘आशीर्वाद का दीया’ प्रज्ज्वलित करने की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इसी क्रम में बुधवार को जिला मुख्यालय स्थित अटल परिसर में दीया वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू, जिला पंचायत सीईओ ऋषिकेश तिवारी, डिप्टी कलेक्टर विजय राणा, जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पांडे, जिला पंचायत सदस्य ज्योति पटेल सहित क्षेत्र के पार्षद तथा नगर पालिका के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
शाम 7 बजे जलेगा ‘आशीर्वाद का दीया’
सेवा संकल्प अभियान के तहत 17 सितंबर की शाम 7 बजे जिलेभर में ‘आशीर्वाद का दीया’ प्रज्ज्वलित किया जाएगा। जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपने घर, प्रतिष्ठान और संस्थानों में दीया जलाकर इस जनभागीदारी अभियान से जुड़ने की अपील की है।
इस आयोजन के माध्यम से जनसेवा, सुशासन, गरीब कल्याण और राष्ट्र निर्माण के संकल्प को जनभागीदारी से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को जोड़ा जाएगा
अभियान के दौरान जिले में सेवा, सुशासन और जनकल्याण से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। केंद्र एवं राज्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाने के साथ ही योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों की सफलता की कहानियां भी साझा की जाएंगी।
अभियान में विद्यार्थियों, युवाओं, महिलाओं, जनप्रतिनिधियों और समाज के विभिन्न वर्गों की सहभागिता पर विशेष जोर दिया जा रहा है। गांव से लेकर जिला स्तर तक आयोजित होने वाली गतिविधियों के माध्यम से नागरिकों को ‘विकसित भारत–2047’ के संकल्प से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।
जिला प्रशासन ने जिलेवासियों से अपील की है कि 17 सितंबर की शाम 7 बजे अपने घर और प्रतिष्ठान में ‘आशीर्वाद का दीया’ प्रज्ज्वलित कर सेवा संकल्प अभियान में सहभागी बनें।



