CHHATTISGARHnewsSARANGARH-BILAIGARH

सेवा संकल्प अभियान की शुरुआत पर 17 सितंबर को जगमगाएगा सारंगढ़-बिलाईगढ़, 25 गांवों में शत-प्रतिशत दीया प्रज्वलन का लक्ष्य

📡36garhnewsupdate.com

सारंगढ़-बिलाईगढ़, 15 सितंबर 2026

प्रदेश में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक चलने वाले एक माह के सेवा संकल्प अभियान की शुरुआत जिले में व्यापक जनभागीदारी के साथ होगी। अभियान के शुभारंभ अवसर पर 17 सितंबर की शाम 7 बजे जिलेभर में “आशीर्वाद का दीया” प्रज्वलित किया जाएगा। इसका जिला स्तरीय मुख्य आयोजन सारंगढ़ के खाड़ाबांध तालाब में होगा।

जनसेवा के प्रति आभार व्यक्त करने और विकसित भारत @2047 के संकल्प से नागरिकों को जोड़ने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की हैं। कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू के मार्गदर्शन में जिला, विकासखंड और ग्राम स्तर तक कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार की गई है।

25 गांवों में हर घर दीया जलाने का लक्ष्य

जिले के 25 गांवों का चयन शत-प्रतिशत दीया प्रज्वलन के लिए किया गया है। इन गांवों में प्रत्येक परिवार की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए मैदानी स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं।

इसके साथ ही जिले के अन्य ग्रामीण और नगरीय क्षेत्रों में भी केंद्र एवं राज्य शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों, हितग्राहियों तथा महिलाओं और ग्रामीण परिवारों को कार्यक्रम से जोड़ने की तैयारी है। नागरिकों से 17 सितंबर की शाम अपने घरों में आशीर्वाद का एक दीया जलाकर अभियान में सहभागी बनने की अपील की जा रही है।

खाड़ाबांध तालाब में होगा जिला स्तरीय आयोजन

सारंगढ़ के खाड़ाबांध तालाब को जिला स्तरीय कार्यक्रम के लिए निर्धारित किया गया है। यहां शाम 6 बजे से कार्यक्रम शुरू होगा और विभिन्न वर्गों की सहभागिता के साथ “आशीर्वाद का दीया” प्रज्वलित किया जाएगा।

जिला प्रशासन का उद्देश्य इस आयोजन को केवल एक कार्यक्रम तक सीमित न रखते हुए इसे जनभागीदारी और जनसेवा के प्रति आभार के सामूहिक संदेश के रूप में स्थापित करना है।

योजनाओं के लाभार्थियों से संपर्क करेंगे अधिकारी

केंद्र और राज्य शासन की विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित व्यक्तिमूलक एवं समूह मूलक हितग्राहियों को कार्यक्रम से जोड़ने के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों और मैदानी अमले को विशेष जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

जिला, विकासखंड, नगर पंचायत, जनपद पंचायत और ग्राम स्तर पर अधिकारी अपने-अपने विभाग की योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों से संपर्क कर उन्हें 17 सितंबर की शाम दीप प्रज्वलित कर अभियान में सहभागी बनने के लिए प्रेरित करेंगे।

जिला से ग्राम स्तर तक तैयार की गई कार्ययोजना

“आशीर्वाद का दीया” कार्यक्रम और सेवा संकल्प अभियान के सफल संचालन के लिए जिला, विकासखंड, क्लस्टर और ग्राम पंचायत स्तर पर नोडल अधिकारियों की नियुक्ति की गई है।

कलेक्टर के निर्देश पर जिला पंचायत, अनुविभागीय प्रशासन, जनपद पंचायत, नगर पंचायत और संबंधित विभागों के अधिकारियों द्वारा लगातार बैठकें कर जिम्मेदारियां तय की गई हैं। शासन के निर्देशों के अनुरूप कार्यक्रम की व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।

समाज के हर वर्ग से सहभागिता की अपील

जिला प्रशासन द्वारा जिले के प्रबुद्धजनों, समाजसेवियों, वरिष्ठ नागरिकों, जनप्रतिनिधियों और विभिन्न क्षेत्रों में योगदान देने वाले नागरिकों से आयोजन में सहभागिता का आग्रह किया जा रहा है।

जिले में निवासरत रामनामी परिवारों, साहित्यकारों, चिकित्सकों सहित विभिन्न क्षेत्रों के वरिष्ठजनों को भी इस आयोजन से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि “आशीर्वाद का दीया” जिले की सामूहिक सहभागिता का प्रतीक बन सके।

17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा सेवा संकल्प अभियान

सेवा संकल्प अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा। इस दौरान केंद्र एवं राज्य शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और कार्यक्रमों की जानकारी आम नागरिकों तक पहुंचाने के साथ लाभार्थियों, विद्यार्थियों, युवाओं, महिलाओं और विभिन्न वर्गों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।

17 सितंबर की शाम जिलेभर में जलने वाला “आशीर्वाद का दीया” जनसेवा के प्रति आभार और विकसित भारत @2047 के सामूहिक संकल्प का संदेश देगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest