आशीर्वाद के दीयों से जगमगाया सारंगढ़-बिलाईगढ़, सेवा संकल्प अभियान का भव्य शुभारंभ
📡36garhnewsupdate.com


खाड़ाबांध तालाब में 10 हजार से अधिक दीपों का प्रज्ज्वलन, एक माह तक चलेगा सेवा संकल्प अभियान
सारंगढ़-बिलाईगढ़, 17 सितंबर 2026
सेवा, सुशासन, जनभागीदारी और राष्ट्र निर्माण की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में गुरुवार को ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के साथ एक माह तक चलने वाले सेवा संकल्प अभियान का शुभारंभ किया गया। सारंगढ़ के ऐतिहासिक खाड़ाबांध तालाब में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में मंत्रोच्चार और शंखनाद के बीच दीप प्रज्ज्वलित किए गए। हजारों दीपों की रोशनी से तालाब परिसर जगमगा उठा।

राज्यसभा सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित कर अभियान का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर यह अभियान सेवा के प्रति आभार व्यक्त करने और ‘विकसित भारत’ के संकल्प को जनभागीदारी के माध्यम से आगे बढ़ाने का अवसर है। उन्होंने कहा कि देश की विकास यात्रा में नागरिकों की सहभागिता महत्वपूर्ण है और ‘आशीर्वाद का दीया’ इसी जनभागीदारी एवं सेवा के प्रति कृतज्ञता का प्रतीक है।
10 हजार से अधिक दीपों से रोशन हुआ खाड़ाबांध
मुख्य आयोजन के दौरान खाड़ाबांध तालाब में 10 हजार से अधिक आटे के दीप प्रवाहित किए गए। जल में तैरते दीपों और तालाब परिसर में प्रज्ज्वलित हजारों दीपों ने आकर्षक दृश्य प्रस्तुत किया। इस दौरान नागरिकों ने सेवा, सुशासन, जनकल्याण और ‘विकसित भारत-2047’ के संकल्प के साथ अभियान में सहभागिता की।
गांव से शहर तक पहुंचा अभियान
17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक चलने वाला यह अभियान जिले के गांवों, शहरों, ग्राम पंचायतों, शासकीय कार्यालयों और प्रमुख सार्वजनिक स्थलों तक संचालित किया जाएगा। जिले के 49 अमृत सरोवर और 36 मंदिरों सहित विभिन्न चिन्हांकित स्थलों पर दीप प्रज्ज्वलित किए गए। वहीं चयनित 25 ग्रामों में शत-प्रतिशत दीप प्रज्ज्वलन का लक्ष्य रखा गया है।
प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राही परिवारों, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन से जुड़ी स्व-सहायता समूहों की महिलाओं और विभिन्न शासकीय योजनाओं के हितग्राहियों ने भी अपने घर-आंगन में दीप प्रज्ज्वलित कर अभियान में भागीदारी निभाई।
विभिन्न क्षेत्रों में हुए दीप प्रज्ज्वलन कार्यक्रम
सारंगढ़ विकासखंड के ग्राम टिमरलगा में मां नाथलदाई मंदिर के समीप 2100 दीप प्रज्ज्वलित किए गए। बरमकेला विकासखंड के भिखमपुरा सपेरा बस्ती स्थित महादेव नगर की प्रधानमंत्री आवास कॉलोनी में भी दीप प्रज्ज्वलन हुआ। केडार क्षेत्र में जल संसाधन विभाग द्वारा 2100 दीप प्रज्ज्वलित किए गए। बिलाईगढ़ विकासखंड के ग्राम रायकोना स्थित अमृत सरोवर के समीप भी विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया।
नगरीय क्षेत्रों में अटल परिसर, भारत माता चौक और जयस्तंभ चौक सहित प्रमुख सार्वजनिक स्थलों तथा कलेक्टोरेट, पुलिस अधीक्षक कार्यालय और जिला पंचायत कार्यालय समेत विभिन्न शासकीय कार्यालयों में भी दीप प्रज्ज्वलित किए गए।
एक माह तक होंगी सेवा आधारित गतिविधियां
सेवा संकल्प अभियान केवल दीप प्रज्ज्वलन तक सीमित नहीं रहेगा। आगामी एक माह में ‘सेवा-मेरा योगदान’, ‘सेवा सेतु’, ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’, ‘आंगन मिलन सेवा’, ‘सेवा के रंग, राष्ट्र के संग’, ‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज’ और ‘जल जन सेवा संकल्प’ जैसी विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
इन कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों, युवाओं, महिलाओं, स्व-सहायता समूहों, स्वयंसेवी संस्थाओं और आम नागरिकों को अभियान से जोड़ा जाएगा। इसी क्रम में जिले के विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों में रक्तदान शिविर भी आयोजित किए गए, जहां जनप्रतिनिधियों, अधिकारी-कर्मचारियों, युवाओं और नागरिकों ने स्वैच्छिक रक्तदान किया।
जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद
कार्यक्रम में ज्योति पटेल, जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पांडेय, पूर्व विधायक केराबाई मनहर, सुभाष जलान, मनोज मिश्रा, भारत जटवार, पुलकित चंद्र, शमशेर सिंह, टीकाराम पटेल, रिंकू तिवारी और अमित अग्रवाल सहित जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

इसके अलावा कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू, पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा और जिला पंचायत सीईओ ऋषिकेश तिवारी सहित प्रशासनिक अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में महिलाएं, युवा और आम नागरिक कार्यक्रम में शामिल हुए।
खाड़ाबांध तालाब में एक साथ प्रज्ज्वलित हजारों दीपों ने सेवा, सुशासन और विकास में जनभागीदारी का संदेश दिया। ‘आशीर्वाद का दीया’ से शुरू हुआ यह अभियान आगामी एक माह तक जिले में विभिन्न सेवा एवं जनभागीदारी गतिविधियों के माध्यम से आगे बढ़ेगा।



