मेरे नाम से पैसे लेने वालों पर होगी कार्रवाई – संपादक पद्मिनी श्रीवास

सारंगढ़-बिलाईगढ़। 36 गढ़ न्यूज अपडेट पोर्टल की संपादक पद्मिनी श्रीवास ने एक सार्वजनिक स्पष्टीकरण जारी करते हुए कहा है कि उनके पोर्टल द्वारा पिछले करीब दो वर्षों से जिले के किसी भी विभाग, अध्यक्ष, सरपंच या अन्य जनप्रतिनिधियों की खबरें पूरी तरह निःशुल्क प्रकाशित की जा रही हैं।
उन्होंने स्पष्ट किया कि 36 गढ़ न्यूज अपडेट पोर्टल पर समाचार लगाने के लिए किसी भी व्यक्ति या संस्था से किसी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जाता है। यदि किसी व्यक्ति द्वारा उनके नाम, पोर्टल के नाम या पत्रकार के नाम का उपयोग कर किसी विभाग या जनप्रतिनिधि से खबर लगाने के नाम पर पैसे लिए गए हैं, तो उसका उनसे कोई संबंध नहीं है और ऐसी कोई राशि उन्हें प्राप्त नहीं हुई है।
संपादक पद्मिनी श्रीवास ने कहा कि यदि कोई व्यक्ति 36 गढ़ न्यूज अपडेट पोर्टल या उनके नाम का दुरुपयोग कर धन वसूली कर रहा है, तो यह पूरी तरह गलत है। ऐसे लोगों के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने सभी विभागों, जनप्रतिनिधियों और नागरिकों से अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति खबर प्रकाशित करने के नाम पर पैसे की मांग करता है, तो इसकी जानकारी तुरंत उन्हें दें, ताकि संबंधित लोगों पर कार्रवाई की जा सके।


