उमेश पटेल की नियुक्ति से मनरेगा बचाओ संग्राम को नई धार – उत्तरी

सारंगढ़ । छग प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा मनरेगा बचाओ संग्राम के सफल संचालन हेतु विधायक एवं पूर्व मंत्री उमेश पटेल को प्रदेश समन्वयक नियुक्त किया जाना संगठन के लिए एक अहम और दूरदर्शी निर्णय माना जा रहा है। उनकी यह जिम्मेदारी न केवल आंदोलन को मजबूती देगी बल्कि ग्रामीण मजदूरों, जरूरतमंद परिवारों के अधिकारों की लड़ाई को नई दिशा प्रदान करेगी ऐसा मानना है सारंगढ़ विधायक उत्तरी जांगड़े का है । सारंगढ़ विधायक के कहा कि उमेश पटेल अपने सहज, जमीनी व संघर्षशील नेतृत्व के लिए पूरे प्रदेश में पहचान रखते हैं। जनहित के मुद्दों पर उनके स्पष्ट सोच प्रशासनिक अनुभव और संगठनात्मक दक्षता के कारण यह विश्वास जताया जा रहा है कि – मनरेगा बचाओ संग्राम को वे प्रभावी ढंग से जन-आंदोलन का रूप देंगे । विधायक जांगड़े ने कहा कि – उमेश पटेल जैसे अनुभवी नेता के नेतृत्व में मनरेगा से जुड़े मुद्दों रोजगार, मजदूरी भुगतान, पारदर्शिता व अधिकारों को मजबूती से उठाया जाएगा। उमेश पटेल के समन्वय में जिला, ब्लॉक व ग्राम स्तर तक संगठनात्मक तालमेल सशक्त होगा और केंद्र सरकार की नीतियों से प्रभावित गरीब व मजदूर वर्ग की आवाज़ को मजबूती मिलेगी । कुल मिलाकर, उमेश पटेल की नियुक्ति से मनरेगा बचाओ संग्राम को नई ऊर्जा, नई दिशा और व्यापक जनसमर्थन मिलने की उम्मीद है ।


