SARANGARH-BILAIGARH

*कलेक्टर डॉ संजय कन्नौजे का औचक निरीक्षण, रेशम एवं उद्यान विभाग में व्यवस्थाओं का लिया जायजा*



सारंगढ़-बिलाईगढ़, कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे ने जिले में रेशम एवं उद्यानिकी विभाग के सारंगढ़ स्थित कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने जमीनी स्तर पर चल रहे कार्यों की स्थिति का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। रेशम विभाग के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने मलबरी प्लांटेशन एवं टसर प्लांटेशन का अवलोकन किया, जो लगभग 9 एकड़ क्षेत्र में फैला हुआ है। उन्होंने कृमि पालन (रेशम कीट पालन) की प्रक्रिया को भी विस्तार से देखा और उत्पादन बढ़ाने के लिए आधुनिक तकनीकों के उपयोग पर जोर दिया। कलेक्टर ने अधिकारियों से कहा कि रेशम उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए किसानों को अधिक से अधिक जोड़ने और उन्हें प्रशिक्षण देने की दिशा में कार्य किया जाए।

कलेक्टर ने प्लांटेशन की गुणवत्ता, रख-रखाव एवं उत्पादन क्षमता का समीक्षा कर निर्देश दिए कि पौधारोपण और कृमि पालन से संबंधित सभी कार्य समयबद्ध और गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाए। कलेक्टर डॉ. कन्नौजे ने सारंगढ़ स्थित उद्यान विभाग कार्यालय के सभी कर्मचारियों का परिचय लिया और उनके द्वारा किए जा रहे कार्यों की जानकारी प्राप्त की।

कलेक्टर ने स्पष्ट कहा कि शासकीय कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी अधिकारी-कर्मचारी अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी गंभीरता और पारदर्शिता के साथ करें। निरीक्षण के अंत में कलेक्टर ने विभागीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर देते हुए कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ आमजन तक समय पर पहुंचना सुनिश्चित किया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest