SARANGARH-BILAIGARH

कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे ने तुर्की तालाब का किया निरीक्षण, सफाई और सौंदर्यीकरण के दिए निर्देश


सारंगढ़-बिलाईगढ़,  जिला मुख्यालय सारंगढ़ स्थित मुख्य सड़क मार्ग के पास तुर्की तालाब का कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे ने शुक्रवार शाम पुनः निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने तालाब परिसर की साफ-सफाई, सौंदर्यीकरण और व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए नगरपालिका को आवश्यक निर्देश दिए।
कलेक्टर ने तालाब परिसर में लगे झूलों की मरम्मत कराने, दीवारों पर आकर्षक पेंटिंग कराने तथा झूलों के पास इंटरलॉकिंग कार्य कराने के निर्देश दिए। इसके साथ ही तालाब के आसपास लगे पेड़-पौधों और झाड़ियों की सफाई कराने तथा आसपास की नालियों की नियमित सफाई सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने तुर्की तालाब के जीर्णोद्धार के साथ ही तालाब का पानी खाली कर समुचित सफाई कराने के निर्देश भी दिए।
कलेक्टर ने तालाब परिसर में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए सभी लाइटों को चालू रखने के निर्देश दिए। साथ ही सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए पुलिस को तुर्की तालाब क्षेत्र में नियमित पेट्रोलिंग करने के निर्देश दिए गए। जर्जर भवनों को तत्काल डिस्मेंटल कराने के लिए भी अधिकारियों को निर्देशित किया गया।
चौपाटी क्षेत्र में संचालित सभी दुकानदारों को अपनी दुकानों में डस्टबिन रखने के निर्देश दिए गए हैं। कलेक्टर ने नगरपालिका को निर्देशित किया कि यदि दुकानदार सफाई व्यवस्था का पालन नहीं करते हैं तो उनके खिलाफ चालानी कार्रवाई की जाए। दुकानों के बाहर रखे सामान को हटाने के लिए पहले समझाइश देने और नहीं मानने पर जप्ती की कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए।
उन्होंने तुर्की तालाब परिसर को सुव्यवस्थित बनाए रखने के लिए रात 9:30 बजे के बाद तालाब का गेट बंद करने के निर्देश दिए। साथ ही तुर्की तालाब रोड से काली माता मंदिर तक सड़क का डामरीकरण कराने को भी कहा।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम वर्षा बंसल, डिप्टी कलेक्टर उमेश साहू, तहसीलदार, नगरपालिका के अधिकारी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest