महासमुंद

विधायक चातुरी नंद के नेतृत्व में शहर के प्रमुख मार्गों  से भव्य शोभायात्रा के साथ दूल्हादेव महोत्सव का शुभारंभ, 21 जोड़ों का होगा सामूहिक विवाह,



महासमुंद : छग गांडा समाज जिला महासमुंद एवं छत्तीसगढ़ चौहान सेना के तत्वाधान में आयोजित दो दिवसीय दूल्हादेव महोत्सव का शनिवार को बसना के बंसुला स्थित आईटीआई मैदान में भव्य शोभायात्रा के साथ शुभारंभ हुआ।

कार्यक्रम के प्रथम दिवस क्षेत्रीय विधायक चातुरी नंद के नेतृत्व में शहर के प्रमुख मार्गों से विशाल शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें कर्मा दल, राउत नाचा दल, बैंड पार्टी एवं पारंपरिक वेशभूषा में शामिल समाजजनों ने पूरे उत्साह के साथ सहभागिता निभाई।

शोभायात्रा के दौरान जगह-जगह स्वागत किया गया तथा श्रद्धालु महिलाओं ने सिर पर कलश धारण कर नगर भ्रमण किया। पूरे शहर में भक्ति, परंपरा और सामाजिक एकता का अद्भुत दृश्य देखने को मिला।

पश्चात कार्यक्रम स्थल पर मंचीय कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ, जहां प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए चौहान सेना के पदाधिकारियों एवं समाज प्रमुखों ने आयोजन के उद्देश्य और सामाजिक महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि दूल्हादेव महोत्सव केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता, सहयोग और संस्कारों का प्रतीक है।

विधायक एवं चौहान सेना की प्रदेशाध्यक्ष श्रीमती चातुरी नंद ने अपने संबोधन में कहा कि यह महोत्सव विगत 13 वर्षों से निरंतर आयोजित किया जा रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य समाज के आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के विवाह योग्य युवक-युवतियों का समाज की उपस्थिति में सामूहिक विवाह संपन्न कराना है, ताकि उन्हें सम्मानपूर्वक नया जीवन प्रारंभ करने का अवसर मिल सके।

इस वर्ष कुल 21 जोड़ों का विवाह पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ संपन्न कराया जाएगा। रविवार को तेलमाटी, चूलमाटी सहित सभी वैवाहिक रस्में कार्यक्रम स्थल पर विधि-विधान से पूरी की जाएंगी।

उन्होंने कहा कि “दूल्हादेव महोत्सव हमारी आस्था, संस्कृति और सामाजिक जिम्मेदारी का संगम है। हमारा प्रयास है कि समाज की परंपराएं सुरक्षित रहें और जरूरतमंद परिवारों को सहयोग मिल सके। यह आयोजन सामाजिक एकता और भाईचारे को सुदृढ़ करने का माध्यम बन चुका है।”

विवाह कार्यक्रम के पूर्व शनिवार को समाजजनों के लिए विभिन्न खेलकूद स्पर्धाओं का आयोजन किया गया, जिसमें महिलाओं और बच्चों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इससे कार्यक्रम में उत्साह और पारिवारिक माहौल का संचार हुआ।

कार्यक्रम में छग प्रदेश गांडा समाज के जिला सचिव प्रेमलाल चौहान, बसना ब्लाक अध्यक्ष उदेलाल चौहान, पूर्व अध्यक्ष गौतम चौहान, छग चौहान सेना के कार्यकारी अध्यक्ष उदय लाल चौहान, बलौदाबाजार जिलाध्यक्ष हीरालाल चौहान, जांजगीर चांपा जिलाध्यक्ष सुखसागर चौहान, राजू गंधर्व, रमेश चौहान, कांकेर के अजय करैत, कृष्ण कुमार चौहान, केवरा चौहान, दयाराम चौहान, डॉ बिरांची बेताल, प्रमोद ग्वाल, परशु चौहान, घूराऊ चौहान, कैलाश तांडी, ओमप्रकाश चौहान, राजेश चौहान, ईश्वर चौहान, विभीषण चौहान, मिलाप चौहान, प्रियांशु चौहान सहित चौहान सेना के प्रदेश, जिला एवं ब्लॉक स्तरीय पदाधिकारी, समाज प्रमुख, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे। पूरे क्षेत्र में महोत्सव को लेकर विशेष उत्साह और उल्लास का वातावरण बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest