*होली से पहले शांति समिति की बैठक कब?

सारंगढ़। होली पर्व नजदीक है। होलिका दहन और रंगोत्सव में अब गिनती के दिन शेष रह गए हैं, लेकिन अब तक शांति समिति की बैठक आयोजित नहीं की गई है। इसे लेकर आम नागरिकों और सामाजिक संगठनों में चर्चा का विषय बना हुआ है।
हर वर्ष होली जैसे प्रमुख त्योहारों से पूर्व प्रशासन और पुलिस विभाग द्वारा शांति समिति की बैठक आयोजित की जाती रही है, जिसमें जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, विभिन्न समुदायों के प्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित होकर कानून-व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था, जुलूस मार्ग, समय निर्धारण तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं पर चर्चा करते हैं। इससे त्योहार शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न होता है।
लेकिन इस बार अभी तक संबंधित विभाग द्वारा बैठक नहीं बुलाए जाने से लोगों में असमंजस की स्थिति है। नागरिकों का कहना है कि समय रहते बैठक आयोजित कर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जाने चाहिए, ताकि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या गलतफहमी से बचा जा सके।
उल्लेखनीय है कि पूर्व वर्षों में सारंगढ़ पुलिस विभाग द्वारा समय रहते शांति समिति की बैठक कर त्योहारों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई जाती रही है। ऐसे में इस बार बैठक में हो रही देरी को लेकर सवाल उठना स्वाभाविक है।
नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि अविलंब शांति समिति की बैठक बुलाकर आवश्यक तैयारियों की समीक्षा की जाए, जिससे होली पर्व आपसी भाईचारे और सद्भाव के साथ मनाया जा सके।


