*भारत माता चौक में पुतला दहन व धरना प्रदर्शन पर प्रतिबंध*

सारंगढ़। जिला कार्यालय में आयोजित कानून , व्यवस्था संबंधी बैठक में प्राप्त निर्देशों के परिपालन में अनुविभागीय दंडाधिकारी, सारंगढ़ द्वारा महत्वपूर्ण आदेश जारी किया गया है । यातायात, लोक शांति, जन सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था को दृष्टिगत रखते हुए भारत माता चौक, सारंगढ़ में पुतला दहन, पंडाल निर्माण, धरना-प्रदर्शन, नारेबाजी सहित किसी भी प्रकार के सार्वजनिक कार्यक्रमों के आयोजन पर तत्काल प्रभाव से प्रतिबंध लगा दिया गया है । जारी आदेश में कहा गया है कि – भारत माता चौक शहर का व्यस्ततम क्षेत्र है, जहां कार्यक्रमों के आयोजन से यातायात प्रभावित होने तथा शांति व्यवस्था में व्यवधान उत्पन्न होने की संभावना रहती है । इसी को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है ताकि – आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो और कानून व्यवस्था सुचारू रूप से बनी रहे। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि – आदेश का उल्लंघन करने वाले व्यक्तियों अथवा संगठनों के विरुद्ध विधि अनुसार कड़ी वैधानिक कार्यवाही की जाएगी। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।


