SARANGARH-BILAIGARH

जिला मुख्यालय सारंगढ़ में डाक सेवाओं के विस्तार की मांग तेज, अतिरिक्त उप डाकघर खोलने का ज्ञापन सौंपा



सारंगढ़-बिलाईगढ़ – नवगठित जिला मुख्यालय सारंगढ़ में बढ़ती प्रशासनिक गतिविधियों और जनसंख्या के दबाव के बीच डाक सेवाओं के विस्तार की मांग जोर पकड़ने लगी है। नगरवासियों ने मुख्य पोस्ट मास्टर जनरल, रायपुर परिमंडल को ज्ञापन सौंपते हुए अतिरिक्त उप डाकघर की स्थापना की मांग की है। ज्ञापन में बताया गया है कि जिला गठन के बाद से शासकीय कार्यों, दस्तावेजी प्रक्रिया और डाक संबंधी सेवाओं में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। वर्तमान उप डाकघर में सीमित संसाधन, कम स्थान और बढ़ती भीड़ के कारण उपभोक्ताओं तथा डाक कर्मियों को रोजाना असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। ग्राहकों की संख्या बढ़ने से कार्यों के निष्पादन में विलंब हो रहा है, जिससे आम नागरिकों का समय और श्रम दोनों प्रभावित हो रहे हैं। नगर के गणमान्य नागरिकों और उपभोक्ताओं ने सुझाव दिया है कि मुख्य उप डाकघर पर बढ़ते भार को कम करने के लिए कलेक्टर कार्यालय परिसर में एक अतिरिक्त उप डाकघर तथा कमलानगर (सारंगढ़) स्थित दीहाड़ी मजदूरों की बस्ती में भी एक नए उप डाकघर की स्थापना की जाए। इससे डाक सेवाओं का विकेन्द्रीकरण होगा और आम जनता को त्वरित एवं सुलभ सेवाएं मिल सकेंगी।ज्ञापन की प्रतिलिपि डाक सेवा विभाग, संसद मार्ग, नई दिल्ली को भी प्रेषित की गई है, ताकि जनहित को ध्यान में रखते हुए शीघ्र आवश्यक कार्रवाई की जा सके। नगर के वरिष्ठ नागरिक विश्वनाथ गुरु सहित कई नागरिकों ने नए वित्तीय वर्ष एवं हिंदू नववर्ष के शुभ अवसर पर इस मांग पर सकारात्मक निर्णय लेने की अपेक्षा जताई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest