पशु विभाग का सघन FMD अभियान: 2 मार्च से घर–घर टीकाकरण, 84 हजार से अधिक पशुधन होगा सुरक्षित

सारंगढ़–बिलाईगढ़। पशु चिकित्सा विभाग द्वारा खुरहा (FMD) बीमारी की रोकथाम के लिए 2 मार्च से 15 मार्च तक विशेष FMD प्रचार एंव जागरूकता कैम्प का आयोजन किया जाएगा तथा 15 मार्च से 30 अप्रैल तक गांवों में सघन टीकाकरण अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान गौवंशी एवं भैंसवंशी पशुओं का व्यापक स्तर पर टीकाकरण किया जाएगा। पशु विभाग के अनुसार भारत सरकार द्वारा यह टीकाकरण पूरी तरह निशुल्क किया जा रहा है और टीम घर-घर पहुंचकर पशुओं का टीकाकरण करेगी। अभियान में आवारा पशु, गौशाला में संरक्षित पशु, डेयरी फार्म के पशु सहित देशी एवं उन्नत नस्ल के सभी पशुओं को शामिल किया जाएगा, ताकि कोई भी पशु टीकाकरण से वंचित न रहे।टीकाकरण की प्रतिदिन एंट्री भारत पशुधन ऐप में दर्ज की जाएगी, जिससे अभियान की सतत निगरानी और पारदर्शिता बनी रहे। साथ ही विभाग द्वारा समय-समय पर ब्लड सैंपल लेकर यह भी जांच की जाती है कि पशुओं का टीकाकरण हुआ है या नहीं, जिससे अभियान की गुणवत्ता सुनिश्चित की जा सके।जिले में कुल 84 हजार 598 पशुधन दर्ज हैं, जिन्हें इस अभियान के दायरे में लाने का लक्ष्य रखा गया है। उप संचालक एम. के. पाण्डेय ने जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि सत-प्रतिशत टीकाकरण के लिए सभी पशुपालक अपने पशुओं को अनिवार्य रूप से टीका लगवाएं। पशु विभाग ने बताया कि खुरहा से बचाव हेतु यह अभियान प्रत्येक 6 माह में नियमित रूप से संचालित किया जाता है, जो पशुधन की सुरक्षा के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है।


