CHHATTISGARHKORBA

गेवरा प्रोजेक्ट में गैस संकट पर बवाल: 15 दिनों से सिलेंडर नहीं, उपभोक्ताओं का फूटा गुस्सा

Uproar Over LPG Shortage in Gevra Project: Consumers Protest After 15 Days of Delay

गेवरा/कोरबा | ब्यूरो चीफ: विवेक श्रीवास

36गढ़ न्यूज अपडेट,,,

गेवरा प्रोजेक्ट स्थित कंज्यूमर्स को-ऑपरेटिव स्टोर्स लिमिटेड (भारत गैस एजेंसी) में रसोई गैस की भारी किल्लत को लेकर आज जमकर हंगामा हुआ। पिछले 15 दिनों से गैस सिलेंडर नहीं मिलने से नाराज सैकड़ों उपभोक्ताओं का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने एजेंसी परिसर में नारेबाजी करते हुए प्रबंधन के खिलाफ प्रदर्शन किया।

उपभोक्ताओं का आरोप है कि सिलेंडर बुकिंग के बावजूद समय पर डिलीवरी नहीं हो रही है। कई लोगों ने बताया कि 15 दिन बीत जाने के बाद भी न तो होम डिलीवरी हो रही है और न ही एजेंसी से सीधे सिलेंडर मिल पा रहा है।

प्रदर्शनकारियों ने एजेंसी में सूचना की कमी पर भी नाराजगी जताई। उनका कहना है कि सूचना पटल पर स्टॉक या वितरण से जुड़ी कोई जानकारी नहीं दी जा रही है, जिससे उन्हें बार-बार चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। उपभोक्ताओं ने पारदर्शिता की मांग करते हुए कहा कि रोजाना यह जानकारी सार्वजनिक की जाए कि कितने सिलेंडर आए और किन्हें वितरित किए गए।

वहीं एजेंसी प्रबंधन ने अपनी मजबूरी बताते हुए कहा कि आर्थिक तंगी के कारण मुख्य डिपो में अग्रिम राशि जमा नहीं हो पा रही है, जिससे पर्याप्त मात्रा में गैस सिलेंडर की आपूर्ति नहीं हो पा रही है। इस कारण मांग और आपूर्ति के बीच बड़ा अंतर पैदा हो गया है।

इस दौरान हाल ही में 7 अप्रैल को चुनी गई नई कमेटी के अध्यक्ष जनाराम कर्ष मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभालने का प्रयास किया। उन्होंने उपभोक्ताओं को आश्वासन देते हुए कहा कि अब किसी भी उपभोक्ता को परेशान नहीं होने दिया जाएगा और गैस आपूर्ति को जल्द ही सुचारु किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि बीते वर्षों की खामियों को दूर कर पारदर्शी व्यवस्था लागू की जाएगी।

उपभोक्ताओं ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ और वितरण व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया, तो वे उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest