शासन प्रशासन भी उद्योगपतियों के साथ कम्बल ओढ़कर घी पी रहे हैं – शुभम

36गढ़ न्यूज अपडेट,,,सारंगढ़ । जिले के ग्रापं बोन्दा से लेकर साल्हेओना तक क्रेशरों व वैध अवैध डोलोमाइट खदानों का जाल फैला हुआ है । क्रेशर मालिक अवैध रूप से शासन को राजस्व का करोड़ो रूपये चूना लगाते हुए प्रशासन के साथ सांठ गांठ करके मनमाने ढंग से डोलोमाइट का खनन कर रहे हैं। प्रशासन और क्रेशर मालिक जहाँ मलाई खा रहे हैं वहीं जनता धूल और प्रदूषण झेल रही है । ऐसे में पुनः 4-5 क्रशरों द्वारा 35 एकड़ भूमि का खदान का विस्तार किये जाने व उद्योग पतियों को लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से शासन द्वारा गैर कानूनी रूप से ग्रापं बोन्दा मंडी प्रांगण में जनसुनवाई का आयोजन किया है।जिससे युवाओं, ग्रामीणों में आक्रोश देखने को मिल रहा है । अब ग्रामीणों के स्वास्थ्य, आजीविका व बच्चों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए युवा कांग्रेस व भाराछासं इस जनसुनवाई का पुरजोर विरोध करने जा रही है । जिसमें ग्रामीण भी युवा कांग्रेस के साथ हैं ।
युकां सारंगढ़ जिलाध्यक्ष शुभम बाजपेयी ने कहा ये लड़ाई सिर्फ खदान बन्द करने की नहीं बल्कि ये आम जनता के हक की, जल, जंगल, जमीन की, बच्चों के भविष्य की लड़ाई है। एनएसयूआई जिला अध्यक्ष ने बताया कि – आयोजित जनसुनवाई में से एक खदान ऐसे क्रेशर का है जो एक शास. विद्यालय , एक निजी विद्यालय, शास. कन्या व बालक छात्रावासों से 200 मीटर दूर स्थापित है । ऐसे में खदानों के विस्तार से व डोलोमाइट ले परिवहन से छात्र छात्राओं को सड़क दुर्घटना और स्वास्थ्यगत समस्याओं का सामना करना पड़ेगा और एन एस यू आई छात्र छात्राओं के भविष्य से किसी भी कीमत पर खिलवाड़ होने नही देगी । चाहे शासन प्रशासन जो भी हथकंडे अपना ले हम विरोध के लिए तैयार हैं । स्थानीय युवा कांग्रेस नेता नितिन पाणिग्राही ने कहा कि – क्रेशर मालिक आस पास के पंचायतों को धन बल पर अपने पक्ष में कर चुके हैं , यहाँ सरकार और मालिक जनता है और युवा कांग्रेस पूरे वैध दस्तावेजों के साथ जन सुनवाई के विरोध में शामिल होंगे ।


