उड़ीसा–मध्यप्रदेश का अंतर्राज्यीय गांजा तस्कर गिरोह रायपुर में गिरफ्तार, 22 किलो से अधिक गांजा जब्त
Interstate Ganja Smuggling Gang from Odisha–MP Busted in Raipur, Over 22 Kg Cannabis Seized

क्राइम (Crime)
नारकोटिक्स (Narcotics)
रायपुर | 02 अप्रैल 2026
36गढ़ न्यूज अपडेट,,,रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए उड़ीसा एवं मध्यप्रदेश से जुड़े अंतर्राज्यीय गांजा तस्कर गिरोह का पर्दाफाश किया है। संयुक्त कार्रवाई में 07 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें 04 पुरुष, 02 महिलाएं एवं एक विधि के साथ संघर्षरत बालक शामिल है।
यह कार्रवाई पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला एवं पुलिस उपायुक्त (मध्य क्षेत्र) उमेश प्रसाद गुप्ता के संयुक्त मॉनिटरिंग में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट, एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) एवं थाना गंज पुलिस द्वारा की गई।
02 अप्रैल को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि तेलघानी नाका चेक क्षेत्र में कुछ संदिग्ध व्यक्ति बैग में गांजा रखकर तस्करी की फिराक में हैं। सूचना के आधार पर टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी कर कुल 04 पुरुष, 02 महिला एवं एक बालक को पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से अलग-अलग बैग में रखा कुल 22.450 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 11,22,500 रुपये आंकी गई है।
सभी आरोपियों के विरुद्ध थाना गंज में नारकोटिक एक्ट के तहत मामला दर्ज कर विधिसम्मत कार्रवाई की गई है। पुलिस द्वारा गिरोह के अन्य सदस्यों एवं तस्करी नेटवर्क के फॉरवर्ड एवं बैकवर्ड लिंक की जांच की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपियों में शांतनु मलिक (23 वर्ष), रोमियो मलिक (19 वर्ष), जुलियत मलिक (19 वर्ष), राहुल मलिक (20 वर्ष), रश्मिता दीगल (27 वर्ष), दीपा दीगल (35 वर्ष) एवं एक विधि के साथ संघर्षरत बालक शामिल हैं, जो सभी उड़ीसा राज्य के विभिन्न जिलों के निवासी हैं।


