कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे की सख्ती: पीएम आवास व मनरेगा कार्य समय सीमा में पूरा करने के निर्देश
Collector Dr. Sanjay Kannauje Orders Timely Completion of PM Housing and MGNREGA Works


36गढ़ न्यूज अपडेट,,,,सारंगढ़-बिलाईगढ़, 3 अप्रैल 2026।जिले में विकास कार्यों की प्रगति को लेकर कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे ने कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की समीक्षा बैठक ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और कार्यों को समय-सीमा में गुणवत्ता के साथ पूर्ण किया जाए।
बैठक में कलेक्टर ने कहा कि पंचायत प्रतिनिधियों, अधिकारियों और कर्मचारियों की भूमिका विकास कार्यों में महत्वपूर्ण है। उन्होंने पुराने अधूरे कार्यों की वसूली के लिए एसडीएम को धारा 92 के तहत कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने पीएम आवास योजना के तहत वर्ष 2016 से 2023 तक स्वीकृत 47 हजार आवासों में से शेष 2 हजार अपूर्ण आवासों को अगस्त 2026 तक पूरा करने के निर्देश दिए। वहीं वर्ष 2024-25 में स्वीकृत 30 हजार और वर्ष 2025-26 में स्वीकृत 10 हजार आवासों को भी तय समय सीमा में पूर्ण करने कहा। जिन हितग्राहियों ने अब तक कार्य प्रारंभ नहीं किया है, उन्हें 10 दिनों के भीतर काम शुरू कर बरसात से पहले पूरा करने के निर्देश दिए गए।
मनरेगा के अंतर्गत “मोर गांव, मोर पानी, मोर तरिया” थीम पर जल संवर्धन कार्य जैसे डबरी, तालाब निर्माण, गहरीकरण और चेकडेम को प्राथमिकता देने को कहा गया। साथ ही स्व-सहायता समूहों को आजीविका से जोड़ने पर जोर दिया गया। लंबित कार्यों को दो माह के भीतर पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
इसके अलावा ओबीसी, अनुसूचित जाति विकास प्राधिकरण, मध्य क्षेत्र विकास प्राधिकरण तथा जिला खनिज न्यास (DMF) के लंबित कार्यों को 15 दिनों में पूर्ण करने और नए कार्यों को जुलाई 2026 तक पूरा करने के निर्देश दिए गए।
कलेक्टर ने सभी जनपद सीईओ, इंजीनियरों और मनरेगा अधिकारियों को नियमित फील्ड दौरा कर कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने चेतावनी दी कि गुणवत्ता में लापरवाही पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में एसडीएम वर्षा बंसल, जिला पंचायत सीईओ इंद्रजीत बर्मन सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।


