वनांचल क्षेत्र में सक्रिय दिखीं विधायक कविता प्राण लहरे, पीड़ित परिवारों से लेकर सामाजिक कार्यक्रमों में रहीं शामिल – युधिष्ठिर नायक

36 गढ़ न्यूज अपडेट,,,,,बिलाईगढ़ विधानसभा क्षेत्र की विधायक कविता प्राण लहरे ने अपने क्षेत्र में व्यापक दौरा कर जनसंपर्क और सामाजिक सहभागिता का परिचय दिया। उन्होंने गिरौदपुरी में हुई गंभीर आगजनी घटना से प्रभावित 16 परिवारों से मुलाकात कर उनकी स्थिति जानी और हर संभव सहायता का भरोसा दिलाया। साथ ही संबंधित शासकीय अधिकारियों से फोन पर चर्चा कर पीड़ितों को शासन स्तर पर उचित सहयोग दिलाने की बात कही तथा मामले को मंत्री मंडल तक पहुंचाने का आश्वासन दिया।
इसके बाद विधायक लहरे वनांचल क्षेत्र के विभिन्न गांवों में आयोजित सामाजिक एवं पारिवारिक कार्यक्रमों में शामिल हुईं। ग्राम नगेडी राजा देवरी में स्वर्गीय वीरेंद्र पंडा के पुत्र हिमांशु पंडा एवं सुधांशु पंडा के बटुक संस्कार (व्रतोपनायन) में पहुंचकर उन्हें आशीर्वाद दिया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
वहीं सोनपुर में सरपंच ओमेश्वरी वीरेंद्र साहू के परिवार में आयोजित विवाह समारोह में शामिल होकर नवदंपति को शुभकामनाएं दीं तथा उपस्थित जनों से आत्मीय मुलाकात की। इसके बाद पिथौरा में अपने परिचितों से भेंट करते हुए बार नवापारा क्षेत्र पहुंचीं, जहां पूर्व सरपंच अनिरुद्ध दीवान के निवास पर षष्ठी एवं विवाह कार्यक्रम में शामिल होकर नवजात शिशु को आशीर्वाद प्रदान किया।
इस दौरान विधायक के साथ ब्लॉक कांग्रेस कमेटी सोनाखान के अध्यक्ष युधिष्ठिर नायक, मंडल अध्यक्षगण एवं क्षेत्र के कई जनप्रतिनिधि और सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे। विधायक लहरे ने अपने इस दौरे के माध्यम से जनसरोकार और सामाजिक जिम्मेदारी का मजबूत संदेश दिया।


