धरसीवां/रायपुर

मुख्यमंत्री के कर-कमलों से होगा ‘कुंवरगढ़ महोत्सव’ का भव्य शुभारंभ, ₹133 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात


धरसीवा/रायपुर, 27 मार्च 2026।
धरसीवा में आयोजित प्रेस वार्ता में स्थानीय विधायक अनुज शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि आगामी 31 मार्च 2026 को ‘कुंवरगढ़ महोत्सव’ का भव्य शुभारंभ प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री के कर-कमलों से किया जाएगा। इस अवसर पर क्षेत्र को ₹133 करोड़ की लागत वाले विभिन्न विकास कार्यों की सौगात भी मिलेगी।
विधायक अनुज शर्मा ने कहा कि यह महोत्सव केवल एक सांस्कृतिक आयोजन नहीं, बल्कि क्षेत्र की गौरवशाली विरासत और स्थानीय प्रतिभाओं को मंच देने का एक महत्वपूर्ण प्रयास है। उन्होंने बताया कि कुंरा नगर अपनी ऐतिहासिक पहचान और परंपराओं के लिए जाना जाता है, जहां राजा कुँवर सिंह गोंड की विरासत आज भी जीवित है।
महोत्सव के दौरान मुख्यमंत्री द्वारा क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य सहित विभिन्न अधोसंरचना परियोजनाओं का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया जाएगा। साथ ही क्षेत्रवासियों की सुविधा के लिए नवनिर्मित ‘नवीन तहसील कार्यालय’ का उद्घाटन भी किया जाएगा।
इस आयोजन में स्थानीय हस्तशिल्प, व्यंजन और कुटीर उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए विशेष स्टॉल लगाए जाएंगे, जिससे स्थानीय व्यापारियों और कारीगरों को आर्थिक लाभ मिलेगा। महोत्सव में लोक कलाकारों के साथ-साथ राष्ट्रीय स्तर के कलाकारों की प्रस्तुतियां भी आकर्षण का केंद्र रहेंगी।
विधायक ने बताया कि आयोजन के दौरान सुरक्षा एवं पार्किंग की व्यापक व्यवस्था की गई है, ताकि आगंतुकों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर इस ऐतिहासिक आयोजन का हिस्सा बनने की अपील की।
इस अवसर पर जनपद पंचायत अध्यक्ष शकुंतला सेन, उपाध्यक्ष दिनेश खुटे, नगर पंचायत अध्यक्ष गोविंद साहू सहित जिला एवं प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि और अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest