रेत खदानों में अवैध उत्खनन के आरोप, कांग्रेस ने प्रशासन को सौंपा ज्ञापन

सारंगढ़ – बिलाईगढ़ । क्षेत्र की रेत खदानों में कथित अवैध उत्खनन और परिवहन की शिकायतों को लेकर कांग्रेस पदाधिकारियों ने एसडीएम सारंगढ़ को ज्ञापन सौंपकर जांच एवं आवश्यक कार्रवाई की मांग की है। ज्ञापन में कहा गया है कि कुछ स्थानों पर बिना नंबर प्लेट वाले डंपरों से रेत परिवहन और अवैध वसूली की शिकायतें सामने आ रही हैं, जिससे शासन को राजस्व हानि होने की आशंका जताई गई है।प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासन से रेत खदानों में नियमित निगरानी, परिवहन की जांच तथा नियमों के अनुरूप कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की है। साथ ही यह भी कहा गया कि यदि शिकायतों की निष्पक्ष जांच की जाती है तो वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी और अवैध गतिविधियों पर नियंत्रण संभव होगा। ज्ञापन सौंपने वालों में जिला कांग्रेस अध्यक्ष ताराचंद देवांगन, प्रदेश कांग्रेस प्रतिनिधि सुरज तिवारी, ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष सतीश श्रीवास, शहर कांग्रेस अध्यक्ष रामनाथ सिदार, जिला पंचायत सदस्य बिनोद भारद्वाज, मण्डल अध्यक्ष राजू यादव एवं मण्डल अध्यक्ष अश्वनी चंद्रा शामिल रहे। कांग्रेस पदाधिकारियों ने प्रशासन से मामले में शीघ्र संज्ञान लेने की अपेक्षा जताई है।


