पानी के लिए तरसे लोग, जनदर्शन पहुँची महिलाएं—नगर पालिका पर उठे सवाल

सारंगढ़ बिलाईगढ़। गर्मी का मौसम अभी पूरी तरह शुरू भी नहीं हुआ है, लेकिन सारंगढ़ नगर में पेयजल संकट ने समय से पहले ही दस्तक दे दी है। वार्ड क्रमांक 5 स्थित संजय चौपाल गली बाबा कुटी क्षेत्र की महिलाएं बीते 15 दिनों से पेयजल की गंभीर समस्या से जूझ रही हैं। समस्या के निराकरण की मांग को लेकर महिलाओं ने जनदर्शन में कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा।
महिलाओं ने बताया कि क्षेत्र में नियमित रूप से पानी की आपूर्ति नहीं हो रही है, जिससे दैनिक जीवन प्रभावित हो रहा है। मजबूरी में दूर-दराज से पानी लाना पड़ रहा है। उन्होंने प्रशासन से तत्काल समाधान की मांग की है।
इस संबंध में अपर कलेक्टर एस. के. टंडन ने कहा कि पेयजल समस्या को गंभीरता से लेते हुए सीएमओ सारंगढ़ को त्वरित समाधान के निर्देश दिए गए हैं, ताकि प्रभावित क्षेत्र में जल्द से जल्द पानी की आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके।
हालांकि, यह पहली बार नहीं है जब नगर पालिका सारंगढ़ पर लापरवाही के आरोप लगे हों। स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर पालिका द्वारा पूर्व में दिए गए कई आदेशों का पालन नहीं किया जाता, जिसके चलते जनता को बार-बार परेशानियों का सामना करना पड़ता है। गर्मी की शुरुआत में ही शहर में पेयजल संकट उत्पन्न होना नगर पालिका की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करता है।
अब देखने वाली बात यह होगी कि आगामी भीषण गर्मी के मौसम में नगर पालिका सारंगढ़ किस प्रकार जनता को पेयजल संकट से राहत दिला पाती है, या फिर यह समस्या और विकराल रूप लेती है।


