SARANGARH-BILAIGARH

सारंगढ़ सेवा भारती के समाजसेवी सतीश यादव ने गरीब बच्चों के साथ मनाया माताजी का जन्मदिन, खिल उठे नन्हे चेहरे



सारंगढ़ बिलाईगढ़।  सेवा भारती से जुड़े समाजसेवी सतीश यादव की एक सराहनीय और संवेदनशील पहल ने गरीब बच्चों के चेहरों पर मुस्कान बिखेर दी। रविवार को उन्होंने अपनी माताजी के जन्मोत्सव को सेवा और संस्कार के रूप में मनाते हुए दिन की शुरुआत वृक्षारोपण से की।
इसके पश्चात रायगढ़ रोड स्थित सेवा बस्ती में करीब 150 गरीब एवं वंचित बच्चों के साथ केक काटकर अपनी माताजी का जन्मदिन मनाया। इस अवसर पर बच्चों को उपहार स्वरूप चॉकलेट, पेंटिंग किट, स्टडी किट, कॉपी-किताबें एवं कलम वितरित की गईं। बच्चों के साथ केक काटने और उपहार मिलने से उनके चेहरे खुशी से खिल उठे।
समाजसेवी सतीश यादव ने अपने सहयोगियों के साथ मिलकर पूरे कार्यक्रम को सफलतापूर्वक संपन्न किया तथा सभी बच्चों को मिठाई एवं लड्डू भी वितरित किए। उन्होंने कहा कि माताजी का जन्मदिन सेवा कार्य के माध्यम से मनाना उनके लिए गर्व और आत्मसंतोष का विषय है।
गौरतलब है कि सेवा भारती संस्था निरंतर विभिन्न सेवा बस्तियों में शिक्षा, भोजन और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने का कार्य कर रही है। ऐसे वंचित बच्चे, जिन्हें दो वक्त का भोजन भी नसीब नहीं हो पाता, उनके लिए सेवा भारती आशा की किरण बनकर कार्य कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest