SARANGARH-BILAIGARH

*तहसील के आंगन में मौत, सिस्टम सोया रहा – डायल 112 की तत्परता बनी सहारा*



सारंगढ़–बिलाईगढ़।  जिले से सरकारी व्यवस्था की लापरवाही को उजागर करती एक गंभीर घटना सामने आई है। सारंगढ़ तहसील कार्यालय जैसे संवेदनशील सरकारी परिसर में बरगद पेड़ के नीचे एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सवाल यह नहीं कि मौत कैसे हुई, बल्कि यह है कि तहसील परिसर में कोई अज्ञात व्यक्ति कब आया, कितनी देर वहां मौजूद रहा और उसकी मौत कब हुई, लेकिन जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों को इसकी भनक तक नहीं लगी। सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम ने प्रशंसनीय तत्परता दिखाते हुए तत्काल मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और शव को अस्पताल भिजवाया। मौके से डिस्कवर मोटरसाइकिल क्रमांक CG 11 AE 3326 भी बरामद की गई है, जिसे पुलिस ने जांच के दायरे में लिया है। इस वाहन के जरिए मृतक की पहचान की संभावना जताई जा रही है।
इस पूरे घटनाक्रम में डायल 112 टीम में शामिल आरक्षक गौरी शंकर भारद्वाज, भूपेंद्र शर्मा, तेज साहू एवं अन्य सहयोगी सुरेन्द्र राव की सक्रियता और मानवीय संवेदनशीलता की सर्वत्र सराहना की जा रही है। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। वहीं, तहसील कार्यालय परिसर में सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था के अभाव को लेकर तीखी निंदा हो रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest