*राष्ट्रीय मीडिया अवार्ड-2025 के लिए आमंत्रित प्रविष्टियां*

सारंगढ़ बिलाईगढ़ भारत निर्वाचन आयोग द्वारा मतदाता शिक्षा एवं जागरूकता (स्वीप) के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले मीडिया संस्थानों को सम्मानित करने हेतु राष्ट्रीय मीडिया अवार्ड-2025 के लिए प्रविष्टियां आमंत्रित की गई हैं। इच्छुक मीडिया संस्थान अपनी प्रविष्टियां 07 जनवरी 2026 तक भारत निर्वाचन आयोग, निर्वाचन सदन, अशोका रोड, नई दिल्ली-110001 स्थित कार्यालय में भेज सकते हैं। इसके अतिरिक्त, प्रविष्टियां ई-मेल के माध्यम से media_division@eci.gov.in पर भी प्रेषित की जा सकती हैं।
प्रिंट, टेलीविजन, रेडियो एवं ऑनलाइन मीडिया को दिए जाएंगे अवार्ड। कुल चार श्रेणियों में पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे, जिनमें प्रिंट मीडिया, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया (टेलीविजन), इलेक्ट्रॉनिक मीडिया (रेडियो) तथा ऑनलाइन/इंटरनेट एवं सोशल मीडिया शामिल हैं। प्रत्येक श्रेणी में एक-एक पुरस्कार प्रदान किया जाएगा।
चयनित मीडिया संस्थानों को 25 जनवरी 2026 को राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर सम्मानित किया जाएगा। भारत निर्वाचन आयोग इस प्रतिष्ठित पुरस्कार के माध्यम से उन मीडिया संस्थानों को प्रोत्साहित करेगा, जिन्होंने मतदाता जागरूकता अभियानों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया है, नागरिकों को निर्वाचन प्रक्रिया एवं चुनाव से जुड़े आईटी एप्लीकेशनों की जानकारी दी है तथा मतदाताओं तक सटीक, संतुलित और भरोसेमंद जानकारी पहुँचाई है।


