केशकाल घाट बायपास निर्माण को मिली रफ्तार, 308 करोड़ की परियोजना के लिए कार्यादेश जारी
36garhnewsupdate.com

उप मुख्यमंत्री अरुण साव के निरीक्षण और निर्देशों के बाद विभाग की त्वरित कार्रवाई…
कोण्डागांव, छत्तीसगढ़। 11 जून 2026
राष्ट्रीय राजमार्ग-30 (रायपुर–जगदलपुर मार्ग) पर बहुप्रतीक्षित केशकाल घाट फोरलेन बायपास के निर्माण कार्य को गति मिल गई है। उप मुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री Arun Sao के निर्देशों के बाद लोक निर्माण विभाग ने आज चयनित निर्माण एजेंसी को कार्यादेश जारी कर दिया है।
उल्लेखनीय है कि उप मुख्यमंत्री श्री साव ने अपने बस्तर प्रवास के दौरान 5 जून 2026 को विभागीय अधिकारियों एवं निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधियों के साथ बायपास मार्ग के दोनों छोरों का स्थल निरीक्षण किया था। निरीक्षण के दौरान उन्होंने परियोजना में तेजी लाने और लंबित प्रक्रियाओं को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए थे। उनके निर्देशों के अनुरूप विभाग ने आवश्यक औपचारिकताएं पूर्ण कर निर्माण एजेंसी को कार्यादेश जारी कर दिया।
✒️ गुणवत्ता और समय-सीमा पर विशेष जोर…
उप मुख्यमंत्री श्री साव ने अधिकारियों एवं निर्माण एजेंसी को निर्देशित किया है कि निर्माण कार्य में उच्च गुणवत्ता मानकों का पालन सुनिश्चित किया जाए तथा परियोजना को निर्धारित समय-सीमा में पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि केशकाल घाट बायपास बस्तर अंचल और पूरे छत्तीसगढ़ की यातायात व्यवस्था के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण परियोजना है, इसलिए इसका शीघ्र निर्माण राज्य सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।
✒️ 11.38 किलोमीटर लंबा होगा बायपास…
लोक निर्माण विभाग द्वारा लगभग 308 करोड़ रुपये की लागत से 11.38 किलोमीटर लंबे केशकाल घाट बायपास का निर्माण किया जाएगा। परियोजना के तहत दो वृहद पुल और दो मध्यम पुल भी बनाए जाएंगे। बायपास के निर्माण से केशकाल घाट क्षेत्र में यातायात सुगम होगा, यात्रा समय में कमी आएगी तथा सड़क सुरक्षा को भी मजबूती मिलेगी।
✒️ क्षेत्रीय विकास को मिलेगा नया आयाम…
केशकाल घाट बायपास के निर्माण से रायपुर और जगदलपुर के बीच आवागमन अधिक सुगम एवं सुरक्षित होगा। साथ ही बस्तर क्षेत्र में व्यापार, पर्यटन और आर्थिक गतिविधियों को भी नई गति मिलने की उम्मीद है। यह परियोजना क्षेत्रीय संपर्क को मजबूत करने के साथ-साथ राज्य के सड़क अधोसंरचना विकास में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि साबित होगी।




