ग्राम पंचायत कोड़केल में विकास कार्यों की समीक्षा, मूलभूत सुविधाओं की कमी बनी चुनौती
36garhnewsupdate.com


रायगढ़/तमनार। 05 जून 2026
छत्तीसगढ़ के औद्योगिक दृष्टि से महत्वपूर्ण रायगढ़ जिले के तमनार विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत कोड़केल में एक निरीक्षण दल द्वारा पंचायत क्षेत्र का दौरा कर विकास कार्यों एवं जनसुविधाओं की स्थिति का अवलोकन किया गया, इस दौरान पंचायत प्रतिनिधियों नें पंचायत में संचालित विकास कार्यों, उपलब्धियों तथा लंबित समस्याओं की जानकारी साझा की।
सरपंच, पंच एवं पंचायत सचिव नें बताया कि वर्तमान सरपंच के कार्यकाल में पंचायत क्षेत्र में दो सीसी रोड (प्रत्येक 250 मीटर), आंगनबाड़ी भवन का जीर्णोद्धार तथा पालनाघर से संबंधित आवश्यक कार्य संपन्न कराए गए हैं। इसके अतिरिक्त मनरेगा के तहत नाला सफाई एवं तालाब गहरीकरण का कार्य प्रगति पर है। वहीं 15वें वित्त आयोग की राशि से प्रतीक्षालय शेड एवं पचरी निर्माण कार्य भी कराया जा रहा है।
पंचायत प्रतिनिधियों ने बताया कि ग्राम में मंगल भवन, स्ट्रीट लाइट तथा सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) भवन की आवश्यकता लंबे समय से महसूस की जा रही है। इसके साथ ही क्षेत्र में पेयजल संकट भी एक गंभीर समस्या के रूप में सामने आया है, जिससे ग्रामीणों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
प्रधानमंत्री आवास योजना के संबंध में पंचायत पदाधिकारियों ने जानकारी दी कि तीन हितग्राहियों द्वारा प्रथम किश्त के रूप में 40-40 हजार रुपये प्राप्त करने के बावजूद आवास निर्माण कार्य प्रारंभ नहीं किया गया है। इस संबंध में उच्च अधिकारियों को शिकायत भेजी जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
ग्रामीणों एवं पंचायत प्रतिनिधियों ने यह भी आरोप लगाया कि फूड इंस्पेक्टर एवं पंचायत इंस्पेक्टर द्वारा पंचायत क्षेत्र का नियमित निरीक्षण नहीं किया जाता, जिससे कई समस्याओं का समय पर समाधान नहीं हो पा रहा है।
ग्राम पंचायत कोड़केल क्षेत्र में देश की प्रमुख औद्योगिक इकाइयों में शामिल हिंडाल्को, शारदा एवं जिंदल जैसी बड़ी कंपनियां संचालित हैं। पंचायत प्रतिनिधियों के अनुसार कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सी.एस.आर.) के तहत अब तक मुख्य रूप से हिंदाल्को द्वारा प्राथमिक शाला भवन, उप-स्वास्थ्य केंद्र, बोरवेल तथा पानी टैंकर की व्यवस्था जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं, अन्य कंपनियों से भी क्षेत्रीय विकास में अधिक सहयोग की अपेक्षा व्यक्त की गई।
ग्राम पंचायत कोड़केल की कुल जनसंख्या लगभग 1,080 है, जबकि इसके आश्रित ग्राम बालजोर की जनसंख्या 363 बताई गई है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मूलभूत सुविधाओं के विस्तार, पेयजल समस्या के स्थायी समाधान तथा लंबित मामलों में शीघ्र कार्रवाई की मांग की है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि औद्योगिक क्षेत्र में स्थित होने के बावजूद पंचायत को अभी भी कई बुनियादी सुविधाओं के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है। ऐसे में प्रशासन एवं औद्योगिक संस्थानों के समन्वित प्रयासों से क्षेत्र के समग्र विकास को गति मिल सकती है।



