BILASPURCHHATTISGARH

अपर कलेक्टर एस.एस. दुबे को भावभीनी विदाई, 30 वर्षों की उत्कृष्ट प्रशासनिक सेवा का सम्मान

36garhnewsupdate.com

बिलासपुर, छत्तीसगढ़। 03 जून 2026
जिला कार्यालय के मंथन सभा कक्ष में अपर कलेक्टर एस.एस. दुबे के सेवानिवृत्ति अवसर पर गरिमामय विदाई समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जिला प्रशासन ने उनके लगभग 30 वर्षों के निष्पक्ष, समर्पित और उत्कृष्ट शासकीय सेवा काल को सम्मानपूर्वक स्मरण करते हुए भावभीनी विदाई दी।

समारोह में अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने श्री दुबे के प्रशासनिक अनुभव, कार्यकुशलता, संवेदनशील कार्यशैली तथा सहज व्यक्तित्व की सराहना करते हुए उनके योगदान को अविस्मरणीय बताया। जिला प्रशासन की ओर से कलेक्टर संजय अग्रवाल एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने उन्हें शाल एवं श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया तथा उनके स्वस्थ, सुखमय और दीर्घायु जीवन की कामना की।

इस अवसर पर कलेक्टर संजय अग्रवाल ने कहा कि किसी भी अधिकारी की वास्तविक पहचान उसके पद से नहीं, बल्कि उसके कार्यों, व्यवहार और जनसेवा के प्रति समर्पण से होती है। एस.एस. दुबे ने अपने पूरे सेवा काल में जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए प्रशासनिक दायित्वों का उत्कृष्ट निर्वहन किया तथा अपनी कार्यशैली से सभी का सम्मान और विश्वास अर्जित किया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने भी उनके साथ बिताए कार्यकाल की स्मृतियों को साझा करते हुए कहा कि श्री दुबे का सहयोगात्मक दृष्टिकोण, प्रशासनिक दक्षता और सकारात्मक नेतृत्व सदैव प्रेरणादायी रहेगा।

अपने विदाई उद्बोधन में भावुक हुए एस.एस. दुबे ने तीन दशक के शासकीय जीवन के अनुभव साझा करते हुए कहा कि प्रशासनिक सेवा उनके लिए केवल एक नौकरी नहीं, बल्कि जनसेवा का सशक्त माध्यम रही है। उन्होंने अपने कार्यकाल के दौरान मिले सहयोग, मार्गदर्शन और विश्वास के लिए जिला प्रशासन के सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि भले ही वे शासकीय सेवा से सेवानिवृत्त हो रहे हैं, लेकिन समाज और लोगों के प्रति उनकी प्रतिबद्धता आगे भी बनी रहेगी।

समारोह में नगर निगम आयुक्त प्रकाश सर्वे, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी संदीप अग्रवाल, अपर कलेक्टर शिवकुमार बनर्जी सहित जिला कार्यालय के अनेक अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने एस.एस. दुबे के उज्ज्वल भविष्य, उत्तम स्वास्थ्य एवं सुखद जीवन की शुभकामनाएं देते हुए उन्हें भावपूर्ण विदाई दी।

Sanjay Mishra

Sub editor Mo.-9981295921

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest