*फर्जी जाति प्रमाण पत्र से बनी सरपंच मंजूलता पर कार्रवाई की मांग*

सारंगढ़ । जिले के ग्रापं ग्वालिनडीह में अजजा वर्ग के लिए आरक्षित सरपंच पद पर कथित रूप से फर्जी जाति प्रमाण पत्र के आधार पर चुनाव जीतने वाली मंजूलता के खिलाफ अब ग्रामीणों ने आवाज़ बुलंद कर दी है। सरपंच मंजूलता के खिलाफ ग्रामवासियों ने कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक को एक लिखित ज्ञापन सौंपकर जांच और उचित कार्रवाई की मांग की है । ग्रामीणों का आरोप है कि – मंजूलता अजजा वर्ग की नहीं हैं बल्कि वो अजा से संबंध रखती है । बावजूद भी मंजूलता ने खुद को अजजा वर्ग का सदस्य दर्शाकर फर्जी जाति प्रमाण पत्र तैयार करवाया और पंचायत चुनाव में आरक्षित सीट पर चुनाव लड़ी । चुनाव जीतने के बाद अब वे सरपंच पद पर पदस्थ हैं । ज्ञापन में यह बात भी टंकित है कि – मंजूलता द्वारा प्रस्तुत जाति प्रमाण पत्र की पूरी तरह से जांच की जानी चाहिए । प्रमाण पत्र फर्जी पाया जाता है, तो उन्हें अयोग्य घोषित कर कानूनी कार्रवाई की जाए। ग्रामीणों ने कहा कि – सरपंच जैसा ज़िम्मेदार पद पर केवल वही लोग आएं जो नियमों के अनुसार योग्य हों । अगर किसी ने फर्जी तरीके से पद हथियाया है , तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए ।


