*कलेक्टर डॉ संजय के आदेश का रंग नपा में दिखने लगा*

सारंगढ़ । संवेदनशील जिला कलेक्टर डॉ संजय कन्नौजे ने मुख्य नपा अधिकारी पांडे को बरसात से पूर्व जल भराव स्थलों की सफाई के आदेश दिए थे जिस आदेश का परिपालन शहर में दिखाई देने लगा है । बारिश की तैयारी नगरीय प्रशासन ने अभी से शुरू कर दी है, नगर के बस स्टैंड क्षेत्र में वर्षों से नाली पर किए गए अवैध कब्जों को प्रशासन ने सख्ती के साथ हटाने की कार्रवाई की है । इन अवैध कब्जे के कारण बरसात के दिनों में पानी भराव और जलजमाव की समस्या बनी रहती थी । शुक्रवार को तहसीलदार मनीष सूर्यवंशी , नपा टीम और पुलिस बल की उपस्थिति में अतिक्रमण हटाया गया । प्रशासन ने साफ और स्पष्ट तौर पर कहा कि – सार्वजनिक स्थलों पर अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा । इसके साथ नालियों की सफाई के निर्देश दिए गए हैं । जिससे बारिश में जल निकासी सही तरीके से हो सके । स्थानीय लोगों ने कार्रवाई का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई है कि – इससे आने वाले दिनों में जलभराव की समस्या से राहत मिलेगी । प्रशासन ने अन्य अतिक्रमणों पर भी जल्द कार्रवाई के संकेत दिए हैं।


