*जिले का परीक्षा परिणाम उत्कृष्ट रहा – पटेल*

सारंगढ़ । छग माध्यमिक शिक्षा मंडल ने 7 मई को तीन बजे दसवीं बारहवीं बोर्ड परीक्षाओं की परिणाम घोषित कर दिया । जिसमें दसवीं में 76.53 प्रतिशत विद्यार्थी और बारहवीं में 81.87 प्रतिशत छात्र उत्तीर्ण हुए हैं । सारंगढ़ बिलाईगढ़ जिला का परीक्षा परिणाम भी उत्साहजनक रहा है । इस वर्ष दसवीं का 72 प्रतिशत और बारहवीं का 70 प्रतिशत परीक्षा परिणाम है । मोना मॉर्डन विद्यालय बरमकेला के कक्षा दसवीं में अध्ययनरत सुरेंद्र डनसेना ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 97.50 फीसदी अंक प्राप्त कर जिले में प्रथम स्थान हासिल किया हैं । महज एक अंक से टॉप टेन की सूची में शामिल होने से चुके सुरेंद्र डनसेना ने जिला का मान बढ़ाया हैं। इसी प्रकार मोना मॉर्डन विद्यालय बरमकेला के कक्षा बारहवीं की श्रीजी अग्रवाल ने 92.60 फीसदी अंक हासिल कर जिले में प्रथम स्थान हासिल किया है।
जिलास्तर के टॉपटेन की सूची में इस बार शा. विद्यालयों के विद्यार्थियों ने भी भारी संख्या में स्थान बनाया है। सरकारी स्कूलों के बच्चों के द्वारा शानदार सफलता अर्जित करना जिला शिक्षा अधिकारी एलपी पटेल के दूरदर्शी निर्णय, प्रशासनिक कसावट, अनुशासन,नवाचारी गति विधियों को बढ़ावा और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के दिशा में किए गए प्रयासों को जाता है । जिस का सुखद परिणाम देखने को मिल रहा हैं। जिले के परीक्षा परिणाम में व्यापक और सकारात्मक बदलाव आया है। जो सरकारी स्कूल के असरकारी स्कूल बनने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं ।विगत 23 – 24 के परीक्षा परिणाम आशा के अनुकूल नहीं था और जिला का रैंक नीचे से दूसरे स्थान पर था। परंतु 25 के परीक्षा परिणामों से स्पष्ट है कि – इस बार दस पायदान की लंबी छलांग के साथ जिले की रैंक में जबर्दस्त सुधार हुआ है । डीईओ एलपी पटेल ने परीक्षा परिणाम को संतोष जनक बताते हुए और बेहतर करने की प्रतिबद्धता जताई है । उन्होंने सभी सफल छात्रों को बेहतर प्रदर्शन करने और जिले का नाम रोशन करने के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना कियें है।


