BlogCHHATTISGARHKORBAnewsSARANGARH-BILAIGARH

कोरबा के पोखरी में मिली युवक की लाश, इलाके में मची सनसनी — पहचान में जुटी पुलिस, रेस्क्यू टीम मौके पर




कोरबा जिले के मानिकपुर चौकी क्षेत्र अंतर्गत रेलवे साइडिंग के पास स्थित पोखरी में एक अज्ञात युवक की लाश मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी उस समय सामने आई जब कुछ राहगीरों की नजर पोखरी के जलकुंभी के बीच फंसे शव पर पड़ी। इसके बाद तुरंत मानिकपुर चौकी पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलने पर मानिकपुर चौकी प्रभारी नवीन पटेल अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है और न ही यह स्पष्ट हो पाया है कि वह किस इलाके का रहने वाला है। पुलिस द्वारा शव की पहचान के प्रयास जारी हैं।

पोखरी में शव जलकुंभी के बीच फंसा होने के कारण उसे बाहर निकालना चुनौतीपूर्ण हो गया। ऐसे में जिला प्रशासन की रेस्क्यू टीम को मौके पर बुलाया गया है। टीम जलकुंभी हटाकर शव को सुरक्षित बाहर निकालने की प्रक्रिया में जुटी है।

प्रारंभिक जानकारी और परिस्थिति को देखते हुए संभावना जताई जा रही है कि युवक मछली पकड़ने के लिए पोखरी में उतरा होगा और जलकुंभी में फंसने के कारण उसकी मौत हो गई होगी। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।

पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच जारी है। वहीं, आसपास के ग्रामीणों और स्थानीय लोगों से भी मृतक की पहचान के लिए पूछताछ की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest