केंद्रीकृत परीक्षा परिणाम 2025 : सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले का उत्कृष्ट प्रदर्शन

सारंगढ़-बिलाईगढ़। जिले के लिए शिक्षा के क्षेत्र में यह वर्ष अत्यंत गौरवपूर्ण रहा है। शिक्षा सत्र 2024-25 के लिए प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालयों के कक्षा 5 वीं और 8 वीं के विद्यार्थियों का केंद्रीकृत परीक्षा परिणाम घोषित कर दिया गया है, जिसमें जिले का प्रदर्शन बेहद सराहनीय रहा है। कक्षा 5 वीं में कुल 9183 पंजीकृत छात्रों में से 8837 विद्यार्थी परीक्षा में उपस्थित हुए। इनमें से 8187 छात्र सफल घोषित हुए, जिससे उत्तीर्णता दर 92.64% रही। प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण होने वाले छात्रों की संख्या 7555 रही, जो जिले के शिक्षा स्तर में सुधार को दर्शाता है। इसी प्रकार कक्षा 8 वीं में 9193 में से 8805 छात्र उपस्थित हुए, जिनमें 7935 विद्यार्थी सफल रहे। उत्तीर्ण प्रतिशत 90.12% दर्ज किया गया, जिसमें से 6890 छात्रों ने प्रथम श्रेणी में सफलता प्राप्त की। यह आंकड़े जिले के शिक्षकों और विद्यालयों की मेहनत का प्रतिफल हैं। जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा टॉप 10 विद्यार्थियों की सूची और विद्यालयवार परिणाम संलग्न कर दिए गए हैं। यह परिणाम विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों के लिए गर्व की बात है और जिले की शिक्षा व्यवस्था की सुदृढ़ता को उजागर करता है।



