सारंगढ़ बस स्टैंड बदहाल, न पानी न प्रतीक्षालय- जनता बेहाल, जिम्मेदार खामोश

सारंगढ़- बिलाईगढ़। सारंगढ़ मुख्यालय स्थित बस स्टैंड यात्री सुविधाओं से पूरी तरह वंचित है। न प्रतीक्षालय है, न पीने के पानी की व्यवस्था। तपती धूप में आमजन, विशेषकर महिलाएं, बुजुर्ग और बच्चे खुले आसमान के नीचे घंटों बसों का इंतजार करने को मजबूर हैं। नगर पालिका और प्रशासन की उदासीनता से लोगों में भारी नाराज़गी है। जनप्रतिनिधियों का इस गंभीर समस्या पर चुप्पी समझ से परे है। नगर ही नहीं, दूरदराज़ के ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले यात्रियों को भी इसी दुर्व्यवस्था से गुजरना पड़ता है। गर्मी के कारण हालत और भी भयावह हो गई है। ऐसे समय में स्काउट-गाइड के मासूम बच्चों ने इंसानियत की मिसाल कायम की है। ये बच्चे यात्रियों को पानी पिलाकर उनकी पीड़ा कम कर रहे हैं। जहां जिम्मेदार सिर्फ फोटो खिंचवाकर समाजसेवा का दिखावा कर रहे हैं, वहीं ये बच्चे बिना किसी दिखावे के असल सेवा का परिचय दे रहे हैं। अब समय है कि प्रशासन, नगर पालिका और जनप्रतिनिधि जागें और बस स्टैंड पर प्रतीक्षालय, पेयजल, छाया और शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाओं की तत्काल व्यवस्था करें। जनता को नारकीय हालात में जीने को मजबूर न करें।


