BlogCHHATTISGARHnewsSARANGARH-BILAIGARH

सामुदायिक रंग मंच तोड़ने पर प्रशासन की लापरवाही



सारंगढ़ बिलाईगढ़। बिलासपुर रोड मुख्य मार्ग के प्रतापगंज में निर्मित सामुदायिक रंग मंच को दबंगों द्वारा जेसीबी से तोड़ दिए जाने के बाद भी अब तक कोई ठोस कार्यवाही नहीं की गई है। नगर पालिका प्रशासन ने सिर्फ खानापूर्ति के लिए थाने में शिकायत दर्ज करवाई, लेकिन अब तक न तो जांच हुई और न ही दोषियों के खिलाफ कोई कड़ी कार्रवाई की गई।

स्थानीय लोगों के अनुसार, यह रंग मंच सार्वजनिक हित में बनाया गया था, जहां सांस्कृतिक और सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किए जाते थे। लेकिन व्यवसायिक दुकान के सामने पड़ने के कारण कुछ प्रभावशाली व्यक्तियों ने नगर पालिका की मिलीभगत से इसे तुड़वा दिया। इतना ही नहीं, तोड़े गए मंच से लोहे की छड़ें और अन्य निर्माण सामग्री भी गायब कर दी गईं, जिससे यह संदेह और गहरा जाता है कि इस कृत्य में प्रशासन की शह थी।

नगर पालिका और पुलिस प्रशासन की यह उदासीनता यह दर्शाती है कि स्थानीय जनता की भावनाओं और उनके अधिकारों की कोई कद्र नहीं की जा रही है। रंग मंच सार्वजनिक संपत्ति थी, जिसे निजी स्वार्थों के लिए नष्ट कर दिया गया। यदि शीघ्र ही दोषियों पर कार्रवाई नहीं होती है, तो यह लापरवाही भ्रष्टाचार और सत्ता के दुरुपयोग का स्पष्ट प्रमाण होगी। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन की इस लचर कार्यप्रणाली की निंदा करते हुए न्याय की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest