रविवि में तीन दिवसीय युवा-उत्सव 2026 का शुभारंभ, विधायक अनुज शर्मा ने बढ़ाया प्रतिभागियों का उत्साह
📡36garhnewsupdate.com


रायपुर, 17 नवंबर 2026।
36garhnewsupdate.com पं. रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय में तीन दिवसीय अंतर-महाविद्यालयीन युवा-उत्सव 2026 का मंगलवार को शुभारंभ हुआ। 17 से 19 नवंबर तक आयोजित इस उत्सव में प्रदेशभर के विभिन्न महाविद्यालयों के छात्र-छात्राएं संगीत, नृत्य, नाटक, साहित्य और ललित कला सहित विभिन्न विधाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में लेखक एवं कलाविद डॉ. यतींद्र मिश्रा तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में धरसीवां विधायक अनुज शर्मा शामिल हुए। कार्यक्रम की अध्यक्षता विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. सच्चिदानंद शुक्ल ने की। अतिथियों ने मां सरस्वती के तैलचित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

इस अवसर पर विधायक अनुज शर्मा ने कहा कि छत्तीसगढ़ की माटी कला और संस्कृति की उर्वरा भूमि रही है। युवा-उत्सव विद्यार्थियों की छिपी प्रतिभाओं को सामने लाने और उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने का सशक्त मंच है। उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ कला, साहित्य और संस्कृति से जुड़ाव युवाओं के व्यक्तित्व को निखारता है और उन्हें अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़े रखता है।
उन्होंने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि कला के क्षेत्र में कोई हारता नहीं है। जीतने वाले को पुरस्कार मिलता है और अन्य प्रतिभागियों को अनुभव व सीख मिलती है। इसलिए युवाओं को हार-जीत की चिंता किए बिना पूरे आत्मविश्वास से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करना चाहिए।
उत्सव के दौरान संगीत, नृत्य, नाटक, वाद-विवाद, प्रश्नमंच, काव्य पाठ, चित्रकला, रंगोली और पोस्टर निर्माण जैसी प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं। उद्घाटन के बाद विभिन्न महाविद्यालयों के सांस्कृतिक दलों ने लोकनृत्य और संगीत की प्रस्तुतियां दीं।
विधायक शर्मा ने कहा कि युवा देश का भविष्य हैं और अपनी संस्कृति से जुड़कर आगे बढ़ने वाले युवा नई ऊंचाइयों को हासिल कर सकते हैं। उन्होंने इस आयोजन के लिए विश्वविद्यालय प्रशासन की सराहना करते हुए उम्मीद जताई कि युवा-उत्सव प्रदेश की नई प्रतिभाओं को राष्ट्रीय पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के कुलसचिव, संकायों के अधिष्ठाता, विभागाध्यक्ष, प्राध्यापक, छात्र कल्याण अधिष्ठाता कार्यालय के सदस्य और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।



