CHHATTISGARHnewsraipur

भड़हा और खपरीडीह खुर्द में नवीन धान उपार्जन केंद्र शुरू, किसानों की वर्षों पुरानी मांग हुई पूरी

📡36garhnewsupdate.com

खरोरा, 16 नवंबर 2026।

धरसीवां विधानसभा क्षेत्र के किसानों को बड़ी सौगात देते हुए प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति बुड़ेनी (पंजीयन क्रमांक 911) के अंतर्गत नवीन धान उपार्जन केंद्र भड़हा एवं खपरीडीह खुर्द का शुभारंभ किया गया। उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में धरसीवां विधायक अनुज शर्मा शामिल हुए। उन्होंने विधिवत पूजा-अर्चना कर दोनों धान उपार्जन केंद्रों का शुभारंभ किया।

भड़हा, खपरीडीह खुर्द सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के किसान लंबे समय से स्थानीय स्तर पर धान खरीदी केंद्र शुरू करने की मांग कर रहे थे। अब तक किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए दूरस्थ केंद्रों तक जाना पड़ता था, जिससे समय और परिवहन खर्च के साथ कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ता था। नवीन केंद्रों के शुरू होने से अब स्थानीय किसानों को बड़ी राहत मिलेगी और धान विक्रय की प्रक्रिया अधिक सुविधाजनक हो सकेगी।

प्रशासनिक एवं समिति अधिकारियों से प्राप्त जानकारी के अनुसार, वर्तमान खरीफ विपणन वर्ष में भड़हा धान उपार्जन केंद्र के लिए लगभग 40 हजार क्विंटल तथा खपरीडीह खुर्द केंद्र के लिए 17 हजार 580 क्विंटल धान खरीदी का अनुमानित लक्ष्य निर्धारित किया गया है। किसानों की सुविधा के लिए केंद्रों में इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन, पर्याप्त बारदाना, स्वच्छ पेयजल, छांव एवं बैठने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।

इस अवसर पर विधायक अनुज शर्मा ने कहा कि अन्नदाताओं की समृद्धि और उनके परिश्रम का सम्मान करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। भड़हा एवं खपरीडीह खुर्द में धान उपार्जन केंद्र की मांग लंबे समय से की जा रही थी। आज इस मांग के पूरा होने से क्षेत्र के किसानों को बड़ी सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार किसानों के हित में लगातार निर्णय ले रही है। प्रदेश में 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी की जा रही है तथा कृषक उन्नति योजना के माध्यम से किसानों को अतिरिक्त आर्थिक संबल प्रदान किया जा रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि यदि कोई किसान 21 क्विंटल प्रति एकड़ की निर्धारित सीमा से कम धान विक्रय करता है, तब भी उसके सत्यापित बोए गए रकबे के आधार पर आदान सहायता राशि प्रदान की जाएगी।

कार्यक्रम में देवजी भाई पटेल, पूर्व विधायक एवं अध्यक्ष अपैक्स कॉर्पोरेशन छत्तीसगढ़, निरंजन सिन्हा, अध्यक्ष जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित रायपुर, अभिनेश कश्यप, उपाध्यक्ष जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित रायपुर, रौशन चन्द्राकर, अध्यक्ष प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति बुड़ेनी, श्रीमती वेदिका अनिल चन्द्राकर, सरपंच ग्राम पंचायत भड़हा, वेदराम मनहरे, योगेश चंद्राकर, सोना वर्मा एवं सुरेंद्र वर्मा सहित क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, सहकारिता विभाग के अधिकारी, बड़ी संख्या में किसान और ग्रामीणजन उपस्थित रहे। समारोह में अतिथियों का पारंपरिक रूप से स्वागत किया गया। नवीन धान उपार्जन केंद्रों के शुभारंभ पर किसानों में उत्साह दिखाई दिया। अंत में समिति पदाधिकारियों ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित किसानों के प्रति आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest