CHHATTISGARHKORBAnews

शादी का झांसा देकर दुष्कर्म के दो अलग-अलग मामलों में उरगा पुलिस की कार्रवाई, 24 घंटे के भीतर दोनों आरोपी गिरफ्तार

📡36garhnewsupdate.com

कोरबा, 16 नवंबर 2026।

36garhnewsupdate.com महिला संबंधी अपराधों पर त्वरित कार्रवाई करते हुए उरगा पुलिस ने शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण करने के दो अलग-अलग मामलों में दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

पहले मामले में प्रार्थिया ने थाना उरगा में शिकायत दर्ज कराई थी कि तुषार अनंत उर्फ पिंटू (19 वर्ष), निवासी पताढ़ी, थाना उरगा, हाल मुकाम श्रवण मोहल्ला हरदीबाजार ने उससे जान-पहचान बढ़ाकर शादी का झांसा दिया और जबरन शारीरिक संबंध बनाए। आरोप है कि आरोपी ने घटना के संबंध में किसी को बताने पर फोटो वायरल करने और जान से मारने की धमकी भी दी थी।

शिकायत पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 629/2026 के तहत बीएनएस की धारा 64, 351(3) एवं पॉक्सो एक्ट की धारा 4, 6 के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए 15 नवंबर 2026 को आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

वहीं, दूसरे मामले में प्रार्थिया ने थाना उरगा में लिखित शिकायत देकर बताया कि कृष्ण कुमार कंवर (21 वर्ष), निवासी ग्राम जुनवानी, थाना उरगा, जिला कोरबा पिछले करीब दो वर्षों से शादी का झांसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बना रहा था। प्रार्थिया द्वारा शादी की बात कहने पर आरोपी ने अलग जाति और परिजनों की असहमति का हवाला देते हुए विवाह करने से इनकार कर दिया।

इस शिकायत पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 632/2026 के तहत बीएनएस की धारा 69 के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 16 नवंबर 2026 को आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

कोरबा पुलिस के अनुसार, महिला संबंधी अपराधों में पीड़िताओं की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए संवेदनशीलता के साथ तत्काल वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। दोनों अलग-अलग मामलों में रिपोर्ट दर्ज होने के 24 घंटे के भीतर आरोपियों की गिरफ्तारी पुलिस की तत्परता और प्रभावी कार्रवाई को दर्शाती है। दोनों कार्रवाइयों में थाना उरगा पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest