कांकेर में विकास को मिली रफ्तार, 174 करोड़ से बने 24 वृहद पुल
📡36garhnewsupdate.com


रायपुर, 17 नवंबर 2026।
36garhnewsupdate.com नक्सलवाद की समाप्ति के बाद बस्तर संभाग के दुर्गम क्षेत्रों में विकास कार्यों को गति मिल रही है। लोक निर्माण विभाग द्वारा कांकेर जिले में कनेक्टिविटी मजबूत करने तेजी से पुलों का निर्माण कराया जा रहा है। पिछले तीन वर्षों में 174 करोड़ रुपये की लागत से 24 उच्च स्तरीय पुलों का निर्माण पूरा किया गया है। वहीं, 140 करोड़ की लागत से 19 पुल निर्माणाधीन हैं और 92 करोड़ रुपये के 10 नए पुलों को मंजूरी मिली है।

कोयलीबेड़ा-पखांजूर मार्ग पर वालेर, मेढ़की और महला नदी सहित विभिन्न स्थानों पर पुलों का निर्माण किया गया है। इससे जिले के करीब 210 गांवों की 1 लाख 68 हजार आबादी को बारहमासी आवागमन की सुविधा मिली है। वहीं, पिछले कुछ महीनों में 61 करोड़ रुपये की लागत से 9 पुलों का निर्माण पूरा हुआ है, जिससे 80 गांवों की लगभग 56 हजार आबादी लाभान्वित हुई है।
इसके अलावा मरबेड़ा-सितरम, कोयलीबेड़ा-दुता और ताड़ोकी-बैहासाल्हेभाट मार्ग पर पुल निर्माण कार्य जारी हैं। सोनपुर-नारायणपुर मार्ग पर बेचाघाट में कोटरी नदी पर 17 करोड़ रुपये की लागत से पुल बनाया जा रहा है। इन परियोजनाओं के पूरा होने से दुर्गम क्षेत्रों की कनेक्टिविटी बेहतर होने के साथ महाराष्ट्र से अंतरराज्यीय आवागमन भी सुगम होगा।


