CHHATTISGARHINDIARajnandgaonSPORTS

छत्तीसगढ़ हाॅकी: मनीष श्रीवास्तव अध्यक्ष, शबनम अंसारी महासचिव और अजीत चंद्रवंशी कोषाध्यक्ष निर्वाचित

📡 36garhnewsupdate.com...

✍️ छत्तीसगढ़ हॉकी की 18वीं वार्षिक आमसभा सम्पन्न…

राजनांदगांव, छत्तीसगढ़। 13 सितम्बर 2026

हॉकी की नर्सरी के रूप में प्रसिद्ध राजनांदगांव में छत्तीसगढ़ हॉकी की 18वीं वार्षिक आमसभा का आयोजन होटल अवाना में किया गया, आमसभा में आगामी कार्यकाल के लिए छत्तीसगढ़ हॉकी की नई कार्यकारिणी का निर्विरोध निर्वाचन विधिवत संपन्न हुआ। बिलासपुर के मनीष श्रीवास्तव को अध्यक्ष, राजनांदगांव की श्रीमती शबनम अंसारी को महासचिव तथा कवर्धा के अजीत चंद्रवंशी को कोषाध्यक्ष निर्वाचित किया गया।

निर्वाचन प्रक्रिया हॉकी इंडिया द्वारा नियुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी अंजनी कुमार मिश्रा (आईएएस सेवानिवृत्त) की देखरेख में संपन्न हुई, नवनिर्वाचित पदाधिकारियों एवं कार्यकारिणी सदस्यों को उपस्थित अतिथियों द्वारा निर्वाचन संबंधी प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए।

✍️ हॉकी के विकास और नई प्रतिभाओं को अवसर देनें पर जोर…

आमसभा के दौरान प्रदेश में हॉकी के उत्थान, खेल सुविधाओं के विस्तार, खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण उपलब्ध कराने तथा ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में छिपी प्रतिभाओं को तलाशकर उन्हें राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचानें को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।

कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ युवा आयोग के पूर्व अध्यक्ष जितेंद्र मुदलियार नें कहा कि छत्तीसगढ़ हॉकी द्वारा खेल और खेल सुविधाओं को बढ़ावा देनें के लिए किए जा रहे प्रयासों के सकारात्मक परिणाम सामनें आ रहे हैं, उन्होंने कहा कि प्रदेश की खेल प्रतिभाओं को निरंतर प्रोत्साहन, सम्मान और बेहतर मंच उपलब्ध कराना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

छत्तीसगढ़ ओलंपिक संघ के उपाध्यक्ष रमेश कुमार श्रीवास्तव नें कहा कि प्रदेश में खेल गतिविधियों को व्यवस्थित और निरंतर संचालित करनें के लिए ओलंपिक संघ लगातार प्रयासरत है, उन्होंने कहा कि उद्देश्य केवल प्रतियोगिताओं का आयोजन करना नहीं, बल्कि प्रतिभावान खिलाड़ियों को उचित मंच उपलब्ध कराकर उन्हें राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाना भी है, उन्होंने नवनिर्वाचित कार्यकारिणी को शुभकामनाएं देते हुए हॉकी के विकास के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करनें की अपेक्षा व्यक्त की।

✍️ हॉकी इंडिया नें जताया प्रतिभाओं को आगे बढ़ानें का संकल्प…

हॉकी इंडिया के संयुक्त सचिव फिरोज अंसारी नें अपनें स्वागत संबोधन में कहा कि छत्तीसगढ़ का हॉकी में गौरवशाली इतिहास रहा है और राजनांदगांव को हॉकी की नर्सरी के रूप में पहचान मिली है, उन्होंने कहा कि वार्षिक आमसभा केवल औपचारिक आयोजन नहीं, बल्कि प्रदेश में हॉकी के भविष्य की दिशा तय करनें का महत्वपूर्ण अवसर है।

उन्होंने ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों की प्रतिभाओं को पहचाननें, उन्हें प्रशिक्षण एवं बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध करानें तथा अधिक से अधिक प्रतियोगिताओं में अवसर देने पर जोर दिया, उन्होंने कहा कि खेल संघ, प्रशिक्षक, खिलाड़ी और खेलप्रेमी एकजुट होकर कार्य करें तो छत्तीसगढ़ हॉकी को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जा सकता है।

✍️ बजट और आगामी प्रतियोगिताओं पर भी हुई चर्चा…

आमसभा की शुरुआत नवनिर्वाचित अध्यक्ष मनीष श्रीवास्तव के मार्गदर्शन में हुई। महासचिव श्रीमती शबनम अंसारी नें वर्ष 2025-26 के बजट के अनुमोदन के साथ पिछले कार्यकाल में छत्तीसगढ़ हॉकी द्वारा किए गए कार्यों की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की। इसके अलावा आगामी सब-जूनियर, जूनियर एवं सीनियर प्रतियोगिताओं के आयोजन स्थलों के चयन की प्रक्रिया भी पूरी की गई।

✍️ निर्विरोध निर्वाचित पदाधिकारी…

आमसभा में घोषित नई कार्यकारिणी इस प्रकार है…

  • अध्यक्ष: मनीष श्रीवास्तव, बिलासपुर
  • उपाध्यक्ष: नीलमचंद बैद, गोपेश्वर कहरा एवं विनिता नवघरे
  • महासचिव: श्रीमती शबनम अंसारी, राजनांदगांव
  • कोषाध्यक्ष: अजीत चंद्रवंशी, कवर्धा
  • सह-सचिव: गजेन्द्र शर्मा एवं श्रीमती नीमा नीतू मसीह
  • कार्यकारिणी सदस्य: राजेन्द्र जायसवाल, महेन्द्र सिंह नाग एवं जहांगीर खान
  • स्पोर्ट्स पर्सन ऑफ मेरिट: ओलंपियन रेणुका यादव एवं अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी मृणाल चौबे
  • एथलेटिक्स कमेटी: अमिताभ मानिकपुरी एवं श्रीमती बबिता लिल्हारे

सभी पदाधिकारियों का निर्विरोध निर्वाचन हुआ।

✍️ नई कार्यकारिणी हॉकी को नई ऊंचाइयों पर ले जाएगी: मनीष श्रीवास्तव…

नवनिर्वाचित अध्यक्ष मनीष श्रीवास्तव नें सभी जिला हॉकी इकाइयों, खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, पदाधिकारियों एवं हॉकी से जुड़े लोगों से सहयोग की अपेक्षा करते हुए कहा कि नई कार्यकारिणी सामूहिक प्रयासों के साथ छत्तीसगढ़ में हॉकी को और मजबूत बनानें के लिए कार्य करेगी, उन्होंने खिलाड़ियों को बेहतर अवसर और सुविधाएं उपलब्ध करानें को प्राथमिकता देनें की बात कही।

कार्यक्रम का संचालन विकास वैष्णव नें किया, जबकि अंत में आभार प्रदर्शन अध्यक्ष मनीष श्रीवास्तव नें किया, आयोजन समिति की ओर से अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट किए गए।

आमसभा में हॉकी इंडिया के पर्यवेक्षक लोकबहादुर सिंह, खेल एवं युवा कल्याण विभाग के पर्यवेक्षक ए. एक्का, सहायक निर्वाचन अधिकारी रणविजय प्रताप सिंह, कुतुबुद्दीन सोलंकी, रोहित बाजपाई, अतुल चोपड़ा, राजेन्द्र यादव, विक्की शुक्ला, सूर्यकांत जैन, महेन्द्र सिंह ठाकुर, शीतल साहू, कुमार स्वामी, अनुप श्रीवास्तव, झमन्न साहू, अनुराज श्रीवास्तव, वीरेन्द्र सिंह भाटिया, गुणवंत पटेल, किशोर मेहरा, विष्णु अग्रवाल, संतोष अवस्थी, विजय शर्मा, आशा थॉमस, तोरण लाल सिन्हा, अंसार अहमद, फारूख अहमद, नवीन मसीह, तुलसी साहू, वीरेन्द्र नामदेव, कार्तिक यादव, अभिनव मिश्रा, शकील अहमद, अनीश अहमद, खुशाल यादव, मिथलेश पाण्ड्या, योगेश द्विवेदी, जावेद खान, अभिषेक कुमार स्वर्ण, आशीष सिन्हा, रवि राव, दीपेश चौबे, हारून खान, मनीष सोनी, राकेश गढ़वाल, संजना साहू, लिपशिता मोहंती, रोहिण केरकेट्टा, अमित खलखो, इस्तीमा केरकेट्टा, शुशमा चंद्रवंशी, शकील रिजवी, जावेद अंसारी, विशू अंजमानी एवं हफीज वारसी सहित प्रदेशभर से हॉकी से जुड़े पदाधिकारी, खिलाड़ी, प्रशिक्षक एवं खेलप्रेमी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

Sanjay Mishra

Sub editor Mo.-9981295921

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest