जोन-4 में सफाई व्यवस्था को लेकर निगम सख्त, गंदगी फैलाने पर 6 लोगों पर 10,500 रुपये जुर्माना
📡36garhnewsupdate.com


रायपुर। 10/9/2026
शहर की स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के लिए नगर निगम ने गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। आयुक्त संबित मिश्रा के निर्देश पर अपर आयुक्त लोकेश्वर साहू ने नगर निगम जोन-4 के विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान कई स्थानों पर गंदगी पाए जाने पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए संबंधित लोगों पर तत्काल जुर्माना लगाने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अधीक्षण अभियंता राजेश राठौर, जोन कमिश्नर डॉ. दिव्या चंद्रवंशी, कार्यपालन अभियंता शेखर सिंह, उप अभियंता हिमांशु चंद्राकर तथा जोन स्वास्थ्य अधिकारी पुरन तांडी सहित निगम के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
अपर आयुक्त के निर्देश पर जोन-4 की स्वास्थ्य विभाग की टीम ने गंदगी फैलाने वाले 6 लोगों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कुल 10,500 रुपये का ई-चालान किया। इनमें सोनू सोनकर पर 2,000 रुपये, संतोष देवभोग मिल्क पार्लर पर 5,000 रुपये, ऋषभ रक्सेल पर 2,000 रुपये तथा सुनील लहरवानी, जलन सागर और चेतन मंडले पर 500-500 रुपये का जुर्माना लगाया गया।

नगर निगम अधिकारियों ने संबंधित लोगों को मौके पर ही स्वच्छता बनाए रखने की सख्त हिदायत दी। साथ ही भविष्य में सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी फैलाने पर दोबारा कार्रवाई किए जाने की चेतावनी भी दी गई।
नगर निगम का कहना है कि शहर की स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखना केवल निगम की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि नागरिकों की भी सामूहिक जिम्मेदारी है। सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ इसी तरह कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।



