प्रसव के साथ हरियाली की नई शुरुआत: ‘प्रोजेक्ट ग्रीन पालना’ के तहत माताओं को फलदार पौधों की भेंट
📡36garhnewsupdate.com


रायपुर, 8 सितंबर 2026
पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से रायपुर जिला प्रशासन द्वारा संचालित ‘प्रोजेक्ट ग्रीन पालना’ अभियान के तहत प्रसव के बाद माताओं को फलदार पौधे भेंट किए जा रहे हैं। पहल का उद्देश्य नई जिंदगी के आगमन के साथ पर्यावरण संरक्षण की एक नई शुरुआत करना है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की पर्यावरण संरक्षण की प्रतिबद्धता के अनुरूप कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह के मार्गदर्शन में अभियान को जिले में आगे बढ़ाया जा रहा है। इसके तहत शासकीय अस्पतालों में प्रसव के बाद प्रत्येक प्रसूता को 5 फलदार पौधे भेंट किए जाते हैं।
एक दिन में 21 माताओं को मिले 105 पौधे
अभियान के तहत 8 सितंबर को एमसीएच कालीबाड़ी अस्पताल में 11, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र आरंग में 1, कुरूद कुटेला में 1, शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चंगोराभाठा में 1, अभनपुर में 3, तिल्दा में 3 और उरला में 1 प्रसूता को पौधे प्रदान किए गए।
इस तरह एक ही दिन में कुल 21 माताओं को 105 फलदार पौधे भेंट किए गए।
अब तक 65 हजार से अधिक पौधों का वितरण
जिला प्रशासन के अनुसार, ‘प्रोजेक्ट ग्रीन पालना’ के तहत अब तक 13,191 माताओं को 65,955 पौधे वितरित किए जा चुके हैं।
प्रशासन का मानना है कि यह पहल मातृत्व के सुखद अवसर को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ने का प्रभावी माध्यम बन रही है। पौधों के माध्यम से माताओं और परिवारों में प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी और हरियाली के संरक्षण की भावना को बढ़ावा देने का प्रयास किया जा रहा है।



