CHHATTISGARHnewsSARANGARH-BILAIGARH

महानदी का जलस्तर बढ़ा, सारंगढ़-बिलाईगढ़ प्रशासन हाई अलर्ट पर

📡36garhnewsupdate.com

गंगरेल बांध के नौ गेट खुलने के बाद बढ़ा पानी, नदी किनारे के गांवों में मुनादी कराकर ग्रामीणों को किया जा रहा सतर्क

सारंगढ़-बिलाईगढ़, 13 सितंबर 2026

गंगरेल बांध के नौ गेट खोले जाने के बाद महानदी के जलस्तर में वृद्धि को देखते हुए सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिला प्रशासन ने सतर्कता बढ़ा दी है। कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने नदी किनारे बसे गांवों और संभावित बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने के निर्देश अधिकारियों को दिए हैं।

कलेक्टर ने एसडीएम, तहसीलदार, पुलिस विभाग, जल संसाधन विभाग और मैदानी अमले को अपने-अपने क्षेत्रों में सतत निगरानी रखने तथा किसी भी स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

प्रशासन की ओर से नदी किनारे बसे गांवों में मुनादी कराकर लोगों को सतर्क किया जा रहा है। ग्रामीणों से नदी, नालों और जलभराव वाले स्थानों के पास अनावश्यक रूप से नहीं जाने की अपील की गई है। साथ ही संभावित आपात स्थिति को देखते हुए राहत और बचाव के लिए जरूरी संसाधन तैयार रखने को कहा गया है।

कलमा बैराज में भी बढ़ा जलस्तर

जल संसाधन विभाग के अनुसार कलमा बैराज का जलस्तर रविवार सुबह 7 बजे 194.700 मीटर दर्ज किया गया। इससे पहले शनिवार शाम 7 बजे जलस्तर 193.550 मीटर था। यानी कुछ घंटों में जलस्तर में वृद्धि हुई है। हालांकि, वर्तमान जलस्तर अभी खतरे के निशान से नीचे है।

तहसीलदार सारंगढ़ एन.के. सिन्हा ने बताया कि फिलहाल संभावित प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति सामान्य है। नदी किनारे के क्षेत्रों में लोगों को सावधानी बरतने के लिए मुनादी कराई जा रही है।

जिला प्रशासन जलस्तर में होने वाले बदलावों पर लगातार नजर बनाए हुए है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि स्थिति में किसी भी तरह का बदलाव होने पर तत्काल जानकारी उपलब्ध कराई जाए और आवश्यकता पड़ने पर राहत एवं बचाव कार्य तुरंत शुरू किया जा सके।

प्रशासन ने नागरिकों से सतर्क रहने, नदी किनारे जाने से बचने और किसी भी आपात स्थिति की जानकारी तत्काल प्रशासन को देने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest