चाकूबाजी और अवैध शराब पर लगेगा अंकुश, पुलिस-ग्रामीणों ने मिलकर चलाने का लिया संकल्प
📡36garhnewsupdate.com


रायपुर, 11 सितंबर 2026
रायपुर ग्रामीण पुलिस ने अपराध नियंत्रण और ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की दिशा में सामुदायिक पुलिसिंग को बढ़ावा देते हुए थाना अभनपुर क्षेत्र के ग्राम केंद्री में पंचायत पदाधिकारियों, समाज प्रमुखों और ग्रामीणों के साथ बैठक आयोजित की।
बैठक में ग्राम में चाकूबाजी की घटनाओं, अवैध हथियार रखने वाले बदमाश प्रवृत्ति के लोगों तथा अवैध शराब के विक्रय पर प्रभावी नियंत्रण को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों से अपील की कि किसी भी व्यक्ति के पास अवैध रूप से चाकू या अन्य हथियार होने की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें।

पुलिस ने हथियारों के संबंध में ग्रामीण स्तर पर जागरूकता अभियान चलाने और अवैध हथियार स्वेच्छा से संबंधित थाने में जमा कराने के लिए लोगों को प्रेरित करने पर भी जोर दिया।
अवैध शराब के खिलाफ भी सामूहिक कार्रवाई पर जोर
बैठक में ग्रामीणों और पंचायत पदाधिकारियों ने गांव में अवैध शराब के विक्रय पर प्रभावी रोक लगाने पर सहमति जताई। पुलिस ने कहा कि अवैध शराब का निर्माण, परिवहन या बिक्री करने वाले लोगों की जानकारी तत्काल पुलिस तक पहुंचाई जाए। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
बैठक में संदिग्ध एवं असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर नजर रखने, पुलिस और ग्रामीणों के बीच बेहतर समन्वय बनाने तथा गांव में शांतिपूर्ण और सुरक्षित वातावरण बनाए रखने को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
रायपुर ग्रामीण पुलिस द्वारा अपराधियों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ कार्रवाई के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों में जन-जागरूकता और सामुदायिक पुलिसिंग को लगातार बढ़ावा दिया जा रहा है।
बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रायपुर ग्रामीण अभिषेक झा, उप पुलिस अधीक्षक नवा रायपुर तुलसी राम लेकाम, थाना प्रभारी अभनपुर सत्येंद्र सिंह श्याम, ग्राम पंचायत केंद्री के सरपंच नेतराम साहू, उपसरपंच, पंचायत पदाधिकारी, समाज प्रमुख और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।



